विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने निर्माणाधीन कोटड़ा सैटेलाइट चिकित्सालय के निर्माण कार्य का किया निरीक्षण
गुणवत्ता के साथ समय पर निर्माण कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने रविवार को कोटड़ा में निर्माणाधीन 50 बेड के बहुमंजिला सैटेलाइट चिकित्सालय का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता का अवलोकन किया।
उन्होंने निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह चिकित्सालय क्षेत्र के आमजन को दीर्घकाल तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अत्यंत महत्वपूर्ण है। निरीक्षण के दौरान श्री देवनानी ने भवन निर्माण में उपयोग हो रहे सीमेंट, सरिया सहित अन्य सामग्री की गुणवत्ता की गहन समीक्षा की तथा निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को ठेकेदार के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने को कहा। जो साप्ताहिक एवं मासिक आधार पर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा। साथ ही उन्होंने कार्य में तेजी लाने के लिए अतिरिक्त श्रमिक लगाने तथा लक्ष्य निर्धारित कर समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण करने को निर्देशित किया।
विधानसभा अध्यक्ष ने निर्माण कार्य की पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए तृतीय पक्ष सत्यापन को अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने परिसर की बाउंड्री निर्माण, समुचित आधारभूत संरचना एवं विभिन्न इकाइयों के कनेक्टिविटी पर भी विचार करने को कहा। इसके अतिरिक्त उन्होंने परिसर के निकट प्रस्तावित मदर लैब के संबंध में जानकारी प्राप्त कर आवश्यक निर्देश दिए। भविष्य में आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रूप से संचालित हो सकेंगी।
उन्होंने कहा कि चिकित्सालय के निर्माण में गुणवत्ता और दीर्घकालिक उपयोगिता सर्वाेपरि होनी चाहिए। जिससे क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सके।
इस अवसर पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. संपत सिंह जोधा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ज्योत्सना रंगा सहित विभागीय अधिकारी, निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ