अजमेर (Ajmer Muskan) । अजमेर स्मार्ट सिटी के सीईओ एवं जिला कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने स्मार्ट सिटी परियोजना के माध्यम से करवाए जा रहे कार्यो का अवलोकन कर अधिकारियों के साथ बैठक में आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए।


जिला कलेक्टर प्रकाश राजपुरोेहित ने एलीवेटेड रोड़ के कार्य का निरीक्षण किया। यहां गर्डर स्पान के बारे में अधिकारियों से चर्चा की। दूसरे चरण के गर्डर स्पान का कार्य तीन दिवस में आरम्भ करने के लिए कहा। एलीवेटेड रोड़ के शेष रहे पीलर केप का कार्य दिसम्बर माह तक पूर्ण करना सुनिश्चित करने के सम्बन्ध में निर्देश प्रदान किए।


उन्होंने बांड़ी नदी रिवर फ्रण्ट के प्रथम चरण के कार्यो की निविदा तुरन्त प्रभाव से लगाने के लिए कहा। इसमें बाहरी चारदीवारी, फैसिंग, ट्रेक एवं आगन्तुकों को सुविधा प्रदान करने वाले कार्य करवाएं जाएंगे। श्री राजपुरोहित ने पुष्कर रोड़ सिवरेज ट्रीटपेन्ट प्लांट में लगाए गए सोलर पावर प्लांट का भी अवलोकन किया।


उन्होंने अरबन हाट में फूड फोर्ट में दुकान आवंटन की प्रक्रिया आरम्भ करने के निर्देश दिए। शास्त्री नगर में बन रहे नवीन पशु चिकित्सालय भवन का कार्य दिसम्बर माह तक पूर्ण करने के लिए कहा।


इसके पश्चात जिला कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने कलेक्ट्रेट सभागार में स्मार्ट सिटी के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें विकास कार्यो को प्राथमिकता से पूर्ण करने के सम्बन्ध में चर्चा की। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को गांधी भवन के पास पाईप लाईनों के इन्टर कनेक्शन तीन दिन में करने के लिए कहा। जल संसाधन विभाग द्वारा आनासागर एस्कैप चैनल में आवश्यक सुधार के लिए तश्मीना तैयार किया जाएगा। बांड़ी नदी के रिवर फ्रण्ट डवलपमेण्ट के कार्य के द्वितीय चरण की विस्तृत परीयोजना रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसका कार्य उपयुक्त एजेन्सी के माध्यम से करवाने पर भी विचार विमर्श हुआ।


उन्होंने कहा कि क्लॉक टॉवर तथा किंग एवडवर्ड मेमोरियल रेस्ट हाउस पर नयनाभिराम रोशनी की जाएगी। शहर के विभिन्न चौराहों पर यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए विशेषज्ञों की सलाह के आधार पर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जाएगी। नगर निगम को भी आवश्यक मशीनरी स्मार्ट सिटी के माध्यम से उपलब्ध करवाई जाएगी। पहाड़गंज स्थित मुक्तिधाम में विद्युत शवदाह गृह स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ा जाएगा।


इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त खुशाल यादव, उपखण्ड अधिकारी अवधेश मीणा, नगर निगम उपायुक्त देवीका तोमर, स्मार्ट सिटी के मुख्य अभियंता अनिल विजय वर्गीय सहित स्मार्ट सिटी के समस्त अधिकारी उपस्थित थे।