अजमेर में गूँजा णमोकार महामंत्र : JITO के भव्य रथ का हुआ अभूतपूर्व स्वागत
दिगंबर-श्वेतांबर समाज ने एक मंच पर आकर दिखाई एकता; 9 अप्रैल को 'विश्व शांति' के लिए होगा महा-जाप
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। महावीर जयंती के उपलक्ष्य में और विश्व शांति के पावन संकल्प के साथ, जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (JITO) द्वारा आयोजित 'नवकार मंत्र रथ यात्रा' का आज अजमेर आगमन हुआ। अजमेर के जैन समाज ने दल-गत और पंथ-भेद से ऊपर उठकर, दिगंबर और श्वेतांबर दोनों समुदायों के साथ मिलकर इस रथ का भव्य स्वागत किया। यह रथ यात्रा अपैक्स (Apex) के तत्वावधान में पूरे राजस्थान में निकाली जा रही है।
एकता का अनूठा संगम
अजमेर के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरी इस यात्रा में श्रद्धा और उत्साह का सैलाब उमड़ पड़ा। रथ यात्रा का मुख्य उद्देश्य आगामी 9 अप्रैल को विद्या सागर तपोवन, छतरी योजना, वैशाली नगर में आयोजित होने वाली भव्य 'नवकार आराधना' हेतु समाज को आमंत्रित करना है। इस अवसर पर जैन समाज के सभी संप्रदायों ने एक स्वर में णमोकार मंत्र की महिमा का गुणगान किया।
प्रमुख उपस्थिति
इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने हेतु JITO अजमेर चैप्टर के पदाधिकारी और शहर के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे:
• JITO नेतृत्व: चेयरमैन मनीष रांका, चीफ सेक्रेटरी निर्मला कोठारी, वाईस प्रेसिडेंट मनोज रांका, विवेक मुनोत, धर्मी चंद रांका और विनोद ढाबरिया अंशुल नाहर राजेंद्र गांधी
• लेडीज विंग: अनीता रांका, अलका दुधेड़िया, प्राची पोखरना, सलोनी जैन और रूबी जैन।
• यूथ विंग: , विपुल कटारिया, समकित दुधेड़िया, शुभम जैन, अक्षत जैन और प्रियल रांका।
• विशिष्ट अतिथि: भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश सोनी, पूर्व विधायक गोपाल बाहेती और पूर्व कांग्रेस शहर अध्यक्ष महेंद्र रलावता ने भी रथ यात्रा में सम्मिलित होकर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
विश्व शांति का संकल्प (9 अप्रैल)
JITO के पदाधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य पड़ाव 9 अप्रैल को होगा। उस दिन पूरे राजस्थान सहित विश्व भर का जैन समाज एक साथ बैठकर सुबह 8:01 बजे से 9:36 बजे तक नवकार मंत्र का जाप करेगा। इस महा-जाप का उद्देश्य वर्तमान समय में विश्व में फैली अशांति को समाप्त कर शांति का वातावरण निर्मित करना और 'जियो और जीने दो' के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना है।
जुलूस के दौरान श्रावक-श्राविकाओं का उत्साह देखते ही बनता था। जय जिनेंद्र के उद्घोष से पूरा वातावरण धर्ममय हो गया।

0 टिप्पणियाँ