अजमेर के लिए बड़ी खबर : ऊंची होंगी केसरबाग पुलिया, 6.4 करोड़ रूपए होंगे खर्च
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के निर्देश पर राज्य स्तर से मिली मंजूरी
15 मई से पूर्व शुरू हो जाएगा काम, जल भराव से मुक्ति में माना जा रहा है अहम
3 करोड़ की लागत से होगा पुलिस लाईन नाले का कायाकल्प
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। अजमेर शहर को हर वर्ष मानसून के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या से राहत दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के निर्देश एवं प्रयासों से केसरबाग पुलिया को चौड़ा एवं ऊंचा करने के प्रस्ताव को राज्य स्तर पर स्वीकृति प्राप्त हो गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर लगभग 6.4 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। इसके साथ ही 3 करोड़ रूपए की लागत से पुलिस लाईन नाले का कायाकल्प किया जाएगा। नगर निगम द्वारा इसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है तथा आगामी 15 मई तक कार्य प्रारंभ होने की संभावना है।
शहर में जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से यह परियोजना अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। ज्ञात हो कि अजमेर में बारिश के समय केसरबाग और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, जिससे आमजन को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए श्री वासुदेव देवनानी लगातार प्रयासरत रहे हैं।
इस परियोजना को शीघ्रता से क्रियान्वित करने हेतु विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अजमेर विकास प्राधिकरण (एडीए) एवं नगर निगम के अधिकारियों के साथ समय-समय पर लगातार बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किया जाए, ताकि आगामी मानसून से पूर्व शहरवासियों को इसका लाभ मिल सके।
उल्लेखनीय है कि राज्य बजट में अजमेर शहर के लिए 200 करोड़ रुपये की व्यापक ड्रेनेज योजना को भी स्वीकृति दी गई है। इसी तरह केसरबाग पुलिया के पुनर्निर्माण का कार्य प्राथमिकता से किया जा रहा है। इसके साथ ही पुलिस लाईन नाले का भी कायाकल्प होगा। श्री देवनानी ने विश्वास व्यक्त किया कि इस कार्य के पूर्ण होने के बाद अजमेर शहर को जलभराव की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।
देवनानी ने नगर निगम को निर्देशित किया है कि आनसागर एस्केप चैनल की सफाई का कार्य भी अभी से शुरू किया जाए ताकि बारिश में किसी प्रकार का व्यवधान नहीं आए। इन निर्देशों के पालना में नगर निगम ने ब्रह्मपुरी नाले का सफाई कार्य शुरू भी कर दिया है।

0 टिप्पणियाँ