भंसाली अध्यक्ष, झंवर महामंत्री और लड्ढा बने कोषाध्यक्ष
श्री माहेश्वरी युवा मंडल समिति की नई कार्यकारिणी का हुआ गठन
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। श्री माहेश्वरी युवा मंडल समिति के सत्र 2026-29 के लिए नई कार्यकारिणी का गठन हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। समारोह में समाज के वरिष्ठजन, विभिन्न माहेश्वरी संस्थाओं के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे। इस दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई तथा समाज सेवा के प्रति समर्पित होकर कार्य करने का संकल्प दिलाया गया।
नई कार्यकारिणी में विनीत भंसाली को अध्यक्ष, विपुल झंवर को महामंत्री तथा अखिल लड्ढा को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। इनके नेतृत्व में युवा मंडल समिति आगामी वर्षों में सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सेवा गतिविधियों को नई दिशा प्रदान करेगी।
इसके अलावा देवेश मालू को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, अंकुश मुरक्या को उपाध्यक्ष, सिद्धार्थ माहेश्वरी को सह-कोषाध्यक्ष, सुमित मनियार को सह-मंत्री, सौरभ भंसाली को प्रचार मंत्री, प्रतीक जाजू को सांस्कृतिक मंत्री, दीपक काकांणी को खेल मंत्री, रोहित नवाल को संगठन मंत्री एवं पुलकित जाजू को आईटी प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
समारोह के दौरान उपस्थित समाजजनों ने नवनियुक्त टीम का स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने कहा कि युवा वर्ग समाज की सबसे बड़ी शक्ति है और संगठित प्रयासों से समाजहित में उल्लेखनीय कार्य किए जा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से सामाजिक सरोकारों, शिक्षा, सेवा एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अजमेर की विभिन्न माहेश्वरी संस्थाओं के अध्यक्षों एवं मंत्रियों ने मंच से अपने विचार व्यक्त करते हुए नई कार्यकारिणी से समाज को नई ऊर्जा देने की अपेक्षा जताई। पदाधिकारियों ने भी समाज के विकास, युवाओं को जोड़ने तथा सेवा कार्यों को प्राथमिकता देने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया गया। पूरे आयोजन में उत्साह एवं भाईचारे का माहौल देखने को मिला तथा समाज के लोगों ने नई कार्यकारिणी के उज्ज्वल एवं सफल कार्यकाल की कामना की।

0 टिप्पणियाँ