Ticker

6/recent/ticker-posts

लॉकडाउन के दौरान शाहपुरा में 450 राशन सामग्री के किट प्रशासन के सहयोग से किये वितरित 

शाहपुरा (मूलचन्द पेसवानी)। कोविड-19 नोवल कोरोना वायरस संक्रमण के चलते शाहपुरा क्षेत्र में असहाय, निराश्रित, बेघर, दैनिक मजदूरी पर आश्रित परिवारों, अत्यंत निर्धन परिवारों के सामने दो वक्त के भोजन का संकट पैदा हो गया था। क्षेत्र में जरूरतमंदों तक राशन सामग्री और भोजन पैकेट उपलब्ध करवाने के लिए स्थानीय उपखंड प्रशासन ने शहर के भामाशाहों व दानदाताओं को आगे आने का आह्वान किया और ऐसी विकट परिस्थितियों में मदद करने के लिए निवेदन किया। 


उपखंड मजिस्ट्रेट आईएएस श्वेता चौहान ने बताया कि 1 अप्रैल तक शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों और दानदाताओं से 5475 किलो आटा, 400 किलो शक्कर, 200 किलो दाल, 150 लीटर तेल, 500 पैकेट चाय, 100 किट दाल और मसाले, 100 किट दाल, मसाले मय खाद्य तेल, 50 किट खाद्य सामग्री सहित नकद और चेक से रू 69,600 प्राप्त हुए है। उक्त सामग्री और अन्य सामग्री क्रय करके प्रशासन ने अब तक 450 किट जिसमे औसत चार सदस्यीय परिवार के 10 दिन की खाद्य सामग्री (10 किलो आटा, 1लीटर फूड ऑयल, 1 किलो चावल, 1 किलो शक्कर, 1 किलो नमक, चार तरह की दाल 500 ग्राम की मात्रा, 250 ग्राम मिर्ची, 200 ग्राम हल्दी, 100 ग्राम धनिया पिसा, 100 ग्राम जीरा, 1 पैकेट चाय) है के तैयार करवाये है। साथ ही निरंतर रूप से दानदाताओ से संपर्क करके ओर खाद्य सामग्री के किट तैयार करवाये जा रहे है।


उपखंड मजिस्ट्रेट आईएएस श्वेता चौहान ने बताया कि सामग्री के वितरण के लिए टीम सभी सामाजिक संगठनों और दानदाताओ के सहयोग से तैयार किट को वास्तविक जरूरतमंद तक पहुचाने के लिए उपखंड कार्यालय में एक कंट्रोल रूम और राउमावि शाहपुरा में गोदाम बनाया है। कंट्रोल रूम में शहर के सभी वार्डो के असहाय, निराश्रित, बेघर, दैनिक मजदूरी पर आश्रित परिवारों, अत्यंत निर्धन परिवारों की सूची पूर्ण निष्पक्ष रूप से तैयार करने के लिए सरकारी एजेंसियों ओर नगरपालिका का सहयोग लिया गया है। सूची को उपखण्ड अधिकारी स्वयं के स्तर पर जांच कर प्रमाणित करने के बाद वितरण के लिए भेजी जा रही है। गोदाम में राजकीय कार्मिको के सहयोग से किट तैयार करवाये जा रहे है। कंट्रोल रूम से प्राप्त प्रमाणित सूची के आधार पर जरूरतमंद तक सामग्री पहुंचाने के लिए नगरपालिका कर्मचारियों और पुलिस प्रशासन का सहयोग लिया जा रहा है। अतिआवश्यक होने की स्थिति में राशन सामग्री के किट शहर के बाहर ग्रामीण क्षेत्र में भी भेजे जा रहे है। गोदाम से अब तक 340 किट वितरित किये जा चुके है, जहाँ पर सभी लाभान्वितों की सूची तैयार है। इसके अलावा कई संगठन और परिवार तैयार भोजन के पैकेट भी उपलब्ध करवा रहे है जिससे सैटेलाइट चिकित्सालय में भर्ती रोगियों ओर उनके परिजनो को सुबह शाम, अपने घर पलायन के लिए निकले राहगीरों और अन्य जरूरतमंद व्यक्तियों को फूड पैकेट भी उपलब्ध करवाए जा रहे है।


उपखंड मैजिस्ट्रेटआईएएस श्वेता चौहान ने बताया कि 14 अप्रैल तक लॉकडाउन के कारण किसी असहाय, निराश्रित, बेघर, दैनिक मजदूरी पर आश्रित परिवारों, अत्यंत निर्धन परिवारों को भूखा नही सोना पड़े इसके लिए प्रशासन कटिबद्ध है। उन्होंने बताया कि बिना सामाजिक संगठनों, भामाशाहों और शाहपुरावासियो के सहयोग के इस कठिन घड़ी से पार पाना नामुमकिन है। यदि पूरे क्षेत्र में एक भी व्यक्ति को भूखा सोना पड़ा तो यह हमारी संस्कृति का अपमान है। ऐसी विषम परिस्थिति में शहरवासियों, सामाजिक संगठनों, भामाशाहों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों से निरंतर सहयोग की अपेक्षा है ताकि इस आपदा से मिलकर सामना किया जा सके। उन्होने बताया कि अब तक सभी ने आगे बढ़कर जो सहायता दी है उसके लिए प्रशासन सभी सामाजिक संगठनों, भामाशाहों ओर शाहपुरावासियों का आभारी है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ