सड़क सुरक्षा जागरूकता के लिए साइकिल रैली किया आयोजन
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अन्तर्गत जिला परिवहन विभाग एवं अजमेर साईकिल कम्युनिटी के संयुक्त तत्वावधान में आज साइकिल रैली का आयोजन किया गया । सड़क सुरक्षा जागरूकता के लिए पुरानी चौपाटी से निकाली गई साइकिल रैली को अतिरिक्त प्रादेशिक परिवहन अधिकारी प्रकाश टहलयानी, जिला परिवहन अधिकारी मुकुल वर्मा एवं राजीव शर्मा , ट्रैफिक इंस्पेक्टर नीतू सिंह राठौड़ ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। रैली चौपाटी से निकल कर वैशालीनगर होती हुई नई चौपाटी रीजनल कॉलेज चौराहा पर समाप्त हुई । जहां जिला परिवहन अधिकारी मुकुल वर्मा ने सभी को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई । इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह एक जनवरी से 31 जनवरी तक मनाया जाएगा। इस वर्ष सड़क सुरक्षा माह की थीम सीख से सुरक्षा, टेक्नोलॉजी से परिवर्तन है। प्रादेशिक परिवहन कार्यालय अजमेर में लगाई गई सड़क सुरक्षा प्रदर्शनी सम्पूर्ण माह के दौरान अवलोकन के लिए खुली रहेगी। इसमें कार्यालय में विभिन्न कार्यों के लिए आने वाले आगुंतकों एवं जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की प्रति जागरूक करके लाभान्वित हो सकेंगे । रैली में साइकिल कम्युनिटी के अध्यक्ष ललित नागरानी, महिला सशक्तिकरण की प्रांतीय सभापति लायन आभा गांधी, पुष्पा क्षेत्रपाल, जगदीश विजयवर्गीय, हेमंत शर्मा, राजेंद्र गांधी, नरेंद्र सोलंकी , नंदलाल शर्मा, यज्ञपाल यादव, अक्षय कुलश्रेष्ठ, मुकेश आर्य सहित पुलिस एवं ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी कर्मचारी शामिल थे । रैली के आगे सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ सड़क के नियमों का पालन करने एवं सड़क सुरक्षा के संदेश देते हुए चल रहा था । इसके माध्यम से वाहन चलाते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में आमजन को जानकारी दी जा रही थी। साथ ही यातायात नियमों, सड़क चिह्नों, यातायात नियम उल्लंघन पर लगने वाले जुर्माने के बारे में बताया गया। रैली अल सुबह प्रारंभ हुई तब मौसम सर्द था । चारों तरफ कोहरे की धुंध ने आसमान को लपेट रखा था । फिर भी साइकिल रैली में भाग लेने वाले प्रतिभागियों में जोश की कमी नहीं थी।
लायंस क्लब कराएगा विभिन्न प्रतियोगिताएं
लायंस क्लब के डिस्ट्रिक चीफ मीडिया कॉर्डिनेटर लायन राजेंद्र गांधी ने बताया कि पूरे माह विभिन्न स्कूलों में लायंस क्लब द्वारा सड़क सुरक्षा संबंधी पोस्टर, निबन्ध, स्लोगन आदि प्रतियोगितायें आयोजित करेगा । बच्चों में सड़क सुरक्षा के प्रति जवाबदेह बनाने एवं जागरूकता लाने के उदेश्य से स्कूलों में कार्यशालाएं आयोजित करेंगे । प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ