जिला कलक्टर ने ग्राम दांता में लगाई रात्रि चौपाल
अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही के दिए निर्देश
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। राज्य सरकार के निर्देशों की पालना में जिला कलक्टर लोकबंधु द्वारा बुधवार को ग्राम दांता में रात्रि चौपाल आयोजित की गई। जिला कलक्टर ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को मौके पर ही निर्देश दिए।
रात्रि चौपाल में ग्रामीणों द्वारा कुल 25 परिवाद प्रस्तुत किए गए। इनमें राइजिंग मेन पाइप लाइन में अवैध कनेक्शन, ग्राम में पानी की टंकी निर्माण के लिए भूमि आवंटन, चारागाह भूमि पर अतिक्रमण, फसल खराबे का मुआवजा, बीर चौराहा एवं घाटी क्षेत्र को दुर्घटना संभावित होने से सुधारात्मक कार्य कराने, बलवंता से बीर चौराहे तक सड़क के नीचे धंसने से वाहनों के अनियंत्रित होने की समस्या, गांव के तालाब के ओवरफ्लो होने से फसलों में जलभराव, पेयजल संकट, विद्युत आपूर्ति में, आम रास्ते पर अतिक्रमण सहित अन्य जनसमस्याएं शामिल रहीं।
जिला कलक्टर ने मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की मंशा के अनुरूप प्रत्येक परिवाद को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को राइजिंग मेन लाइन की नियमित निगरानी कर अवैध कनेक्शनों पर कार्यवाही करने, राजस्व विभाग को चारागाह भूमि से अतिक्रमण हटाने, पानी की टंकी निर्माण के लिए भूमि अवाप्ति की कार्यवाही करने तथा आम रास्तों को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही सार्वजनिक निर्माण विभाग को बीर चौराहा एवं घाटी क्षेत्र में रिफ्लेक्टर, साइनेज एवं अन्य सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित करने तथा सड़क मरम्मत कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए। वहीं विकास अधिकारी को गांव के तालाब की डिसिल्टिंग कर नाला निर्माण कार्य कराने के निर्देश भी दिए गए।
जिला कलक्टर ने कहा कि आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ त्वरित समाधान करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं की जाए।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी गरिमा नरूला, तहसीलदार ओम सिंह लखावत, विकास अधिकारी सुधीर पाठक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ