अजमेर मंडल ने रचा इतिहास : वित्त वर्ष 2025-26 में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन, आय के सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़े
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। उत्तर पश्चिम रेलवे अजमेर मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 में उत्कृष्टता का नया मानक स्थापित करते हुए अपने अब तक के इतिहास का सबसे शानदार प्रदर्शन किया है। मंडल ने चालू वित्त वर्ष के दौरान ₹1,976.04 करोड़ की कुल सकल आय अर्जित कर एक नया रिकॉर्ड कायम किया है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव के अनुसार मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा के मार्गदर्शन में अजमेर मंडल ने आय के क्षेत्र में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है ।अजमेर मंडल ने वित्त वर्ष 2024-25 के पिछले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (₹1,782.64 करोड़) को पीछे छोड़ते हुए ₹1,976.04 करोड़ की आय प्राप्त की है। यात्री आय में भारी उछाल प्राप्त किया है। यात्री सेवाओं से आय पहली बार ₹819.58 करोड़ के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंची, जो पिछले वर्ष के ₹754.27 करोड़ से काफी अधिक है।
माल भाड़ा आय में मंडल ने ₹1,027 करोड़ का आंकड़ा पार कर एक नया बेंचमार्क सेट किया है। पिछला रिकॉर्ड ₹964.95 करोड़, वर्ष 2022-23 का था। टिकट चेकिंग में भी अजमेर मंडल ने बिना टिकट यात्रा पर लगाम कसते हुए पहली बार 20 करोड़ से अधिक की आय अर्जित की। पार्सल और सनड्री आय के अंतर्गत पार्सल सेवाओं से ₹13.39 करोड़ की आय हुई, जो 2015-16 के बाद का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। खान-पान (केटरिंग) से ₹3.67 करोड़ और पार्किंग से ₹2.72 करोड़ का रिकॉर्ड राजस्व प्राप्त हुआ। अजमेर मंडल से यात्रा शुरू करने वाले यात्रियों की संख्या में भी अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की गई है। इस वर्ष रिकॉर्ड 2.76 करोड़ प्रारंभिक यात्रियों (ओरिजिनेटिंग पैसेंजर्स) को सेवाएं प्रदान की गईं, जो मंडल की बेहतर कार्यक्षमता और यात्रियों के भरोसे को दर्शाता है।
मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने इस सफलता का श्रेय पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों और परिचालन रणनीतियों में किए गए सुधारों को दिया है।

0 टिप्पणियाँ