अजमेर में पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति सुचारू
रसद विभाग ने तेज किया सघन निरीक्षण अभियान
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। जिले में पेट्रोलियम एवं घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। रसद विभाग द्वारा कालाबाजारी, अवैध भण्डारण एवं अनियमितताओं पर लगातार कार्यवाही की जा रही है।
जिला रसद अधिकारी (द्वितीय) नीरज कुमार जैन ने बताया कि जिले में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की आपूर्ति पूरी तरह सुचारू है और आमजन को किसी भी प्रकार की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा। विभाग द्वारा शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के पेट्रोल पंपों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। वर्तमान में जिले के सभी प्रमुख पेट्रोल पंपों पर आगामी 5 दिनों का औसत अग्रिम स्टॉक उपलब्ध है। इसे देखते हुए नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें और पैनिक बुकिंग अथवा अनावश्यक भंडारण से बचें।
उन्होंने बताया कि रसद विभाग की सतर्कता के तहत पुष्कर क्षेत्र में गैस आपूर्ति व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान पुष्कर स्थित दिव्या दीप्ति गैस एजेंसी के विरुद्ध प्राप्त शिकायतों और निरीक्षण में पाई गई विभिन्न तकनीकी व व्यवस्थागत अनियमितताओं पर कड़ा रुख अपनाते हुए जिला रसद अधिकारी ने एजेंसी संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं को गैस वितरण में देरी या किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और संतोषजनक जवाब न मिलने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध सख्त विधिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि ईंधन की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा गठित विशेष टीमें लगातार फील्ड में कार्यरत हैं। ये टीमें पेट्रोल पंपों पर स्टॉक रजिस्टर, आपूर्ति की गुणवत्ता और सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता की जांच कर रही हैं। श्री जैन ने दोहराया कि जिला प्रशासन और रसद विभाग उपभोक्ताओं को निर्बाध सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या आपूर्ति में बाधा डालने वाले तत्वों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कठोर कदम उठाए जाएंगे।

0 टिप्पणियाँ