युवा संबल मेला 2026 का किया आयोजन
42 आशार्थियों को मेला स्थल पर ही ऑफर लेटर वितरित
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। जिला प्रशासन तथा कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता विभाग द्वारा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान माखुपुरा में एक दिवसीय युवा सम्बल मेले का आयोजन किया गया। इसमें 42 बेरोजगार युवाओं को रोजगार ऑफर लेटर प्रदान किए गए।
संयुक्त निदेशक जगदीश नारायण निर्वाण ने बताया कि युवा संबल मेले में भाग लेने के लिए डिजीटल प्लेटफॉर्म पर 4077 आशार्थियों ने ऑनलाईन पंजीयन करवाया। इनमें से 1500 से अधिक आशार्थियों ने मेले में भाग लिया। निजी क्षेत्र के औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं कम्पनियों के लगभग 50 नियोक्ताओं द्वारा ऑनलाईन पंजीयन करवाया गया। इसमें से 35 से अधिक कम्पनियों ने भाग लेकर चयन प्रक्रिया पूर्ण की। इस मेले में विभिन्न कम्पनियों द्वारा साक्षात्कार प्रक्रिया के उपरांत 42 आशार्थियों को मेला स्थल पर ही ऑफर लेटर वितरित किए।
उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त युवा सम्बल मेले में अन्य विभागों की आउटरीच योजनाओं को शामिल करते हुए मेला स्थल पर ही लाभ वितरण किए गए। इसके तहत सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के 10 लाभार्थियों, उद्योग विभाग के 10 लाभार्थी, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के 8 लाभार्थियों, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप स्कीम एवं एनएपीएस योजना के 23 लाभार्थियों, पीएम स्वनिधि योजना के 10 लाभार्थियों, श्रम विभाग के 10 लाभार्थियों को मेला स्थल पर लाभ वितरण किए गए।
युवा सम्बल मेले में रोजगार विभाग के उप निदेशक मधुसूदन जोशी, जिला अग्रणी प्रबंधक संजय कुमार सिंह, जिला उद्योग केन्द्र महाप्रबंधक धर्मेन्द्र कुमार शर्मा, जिला उद्योग अधिकारी राकेश, श्रम निरीक्षक रघुवीर सिंह, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक जयप्रकाश, प्राचार्य राजकीय आईटीआई अनिल कुमार शर्मा, राजकीय महिला आईटीआई के प्राचार्य शैलेन्द्र उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ