विकसित भारत बनाने में आम जनता को भी करने होंगे अथक प्रयास
सम्राट पृथ्वीराज चौहान हॉकी प्रतियोगिता का हुआ भव्य शुभारंभ
राज्य भर से 9 टीमें में ले रही है भाग
अजमेर (अजमेर मुस्कान) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के सपने को साकार करने के लिए देश के प्रत्येक नागरिक को भी अथक प्रयास करने होंगे। भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए सभी अपना अपना योगदान दें।
सम्राट पृथ्वीराज चौहान खेल नगर स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय सम्राट पृथ्वीराज चौहान हॉकी प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि दयानंद कॉलेज अजमेर के प्राचार्य डॉ. लक्ष्मीकांत देव ने उक्त उद्बोधन खिलाड़ियों को देते हुए सभी का आह्वान किया। उन्होंने इस अवसर पर युवा पीढ़ी से भी आह्वान किया कि मोबाइल संस्कृति को पीछे छोड़कर अधिक से अधिक खेल मैदाने की ओर रुख करें।
तीन दिवसीय राज्य स्तरीय इस प्रतियोगिता में टोंक केकड़ी ब्यावर केंद्रीय विश्वविद्यालय सेंट पॉल स्कूल जिला हॉकी एकादशी सहित अन्य टीम भाग ले रही है। सम्राट पृथ्वीराज चौहान समारोह समिति एवं हॉकी अजमेर के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस प्रतियोगिता के सभी मुकाबला नॉकआउट आधार पर खेले जा रहे हैं।प्रतियोगिता स्टेडियम के एस्ट्रो टर्फ मैदान पर आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता के आयोजन सचिव भारतीय खेल प्राधिकरण के पूर्व प्रशिक्षक राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी नंदकुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में ग्रामीण अंचल से आई स्कूली टीम ने विश्वविद्यालय स्तर की टीम को हराकर सभी को चौंका दिया।
खेल प्रभारी विनीत लोहिया ने बताया कि उद्घाटन मुकाबले में बांदनवाड़ा ग्रामीण अंचल की स्कूली टीम ने केंद्रीय विश्वविद्यालय एकादश को 3-0 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। विजेता टीम ने मध्यांतर के समय प्रत्येक क्वार्टर में एक-एक गोल कर 2-0 अच्छी बढ़त हासिल की। खेल के उत्तरार्ध में तीसरा गोल दाग कर अपनी जीत को सुनिश्चित किया। एक अन्य मुकाबले में सम्राट पृथ्वीराज चौहान एकादशी ने टोंक एकादशी को 2-0 से हराया। प्रतियोगिता के अन्य नॉकआउट मुकाबले गुरुवार को प्रातः काल बांदनवाडा 4-0 से विजेता रहा व सेमीफाइनल में प्रवेश किया एवं सांय काल सत्र में खेले गये। फाइनल मुकाबला 15 मई को खेला जाएगा।
इससे पूर्व उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि प्राचार्य डॉ. लक्ष्मीकांत देव का स्वागत आयोजन समिति की ओर से किया गया जिसमें प्रतियोगिता के संयोजक मुकेश खींची नंदकिशोर शर्मा, देवदत्त डाबरा, श्रीमती हेमलता डाबरा ने माल्यार्पण कर स्मृति चिन्ह भेंट किए। समारोह के विशिष्ट अतिथि हॉकी अजमेर के सचिव देवेंद्र सिंह शेखावत प्रशिक्षक नंदकिशोर शर्मा एवं अन्य अतिथियों का भी माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। सभी अतिथियों ने उद्घाटन मुकाबले की दोनों टीमों से परिचय प्राप्त कर उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित की।
तीन दिवसीय रोलर स्केटिंग का हुआ समापन
सम्राट पृथ्वीराज चौहान खेल स्टेडियम के बास्केटबॉल मैदान पर आयोजित तीन दिवसीय रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता का समापन हुआ इस प्रतियोगिता में 200 से अधिक नन्हे मुन्ने छात्र-छात्राओं ने भाग लिया
प्रतियोगिता के आयोजन सचिव एवं जिला सचिव रोलर स्केटिंग किशोर कुमार मारोठिया ने बताया कि अलग-अलग आयु वर्ग के विजेताओं को 17 मई को सम्राट पृथ्वीराज स्मारक पर आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतियोगिता के अंतिम दिन खिलाड़ियों की हौसला अफजाई करने व विशिष्ट अतिथि के तौर पर श्रीमती रितिका शास्त्री गुरुकुल स्कूल और ग्रुप आफ गुरुकुल संस्थान की डायरेक्टर मौजूद रही।

0 टिप्पणियाँ