Ticker

6/recent/ticker-posts

ग्राम रथ अभियान से गांव-गांव पहुंच रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी

ग्राम रथ अभियान से गांव-गांव पहुंच रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी

ग्राम रथ अभियान से गांव-गांव पहुंच रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी

जिला कलक्टर लोक बंधु ने पिचौलिया में की संध्या चौपाल 

जनसुनवाई कर सुनी ग्रामीणों की परिवेदनाएं, दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश 

ग्रामीणों से योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का किया आह्वान

लोक कलाकारों, एलईडी वैन एवं ग्राम रथ के माध्यम से दी योजनाओं की जानकारी

अजमेर (अजमेर मुस्कान)। जिले की पीसांगन पंचायत समिति की ग्राम पंचायत पिचौलिया में शनिवार को जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में ग्राम रथ अभियान के तहत संध्या चौपाल एवं जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला कलक्टर ने ग्रामीणों से संवाद कर राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

जिला कलक्टर लोक बंधु ने कहा कि ग्राम रथ अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में राज्य सरकार की योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी सरल एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाना है। इससे कृषक, पशुपालक एवं आमजन इन योजनाओं से जुड़कर लाभान्वित हो सकें। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत कृषि, उद्यान, पशुपालन, सिंचाई, स्वास्थ्य सहित 13 विभागों की योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान जिला कलक्टर ने ग्रामीणों एवं आमजन से संवाद कर विभिन्न योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी ली तथा उनकी समस्याओं एवं सुझावों को भी सुना। 

जनसुनवाई में ग्रामीणों द्वारा भगवानपुरा से पुष्कर सड़क निर्माण, खेल मैदान निर्माण, सड़क डामरीकरण एवं क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, उपस्वास्थ्य केन्द्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में क्रमोन्नत करने, पेयजल की निर्बाध आपूर्ति , आम रास्तों को अतिक्रमण मुक्त कराने जैसी समस्याएं रखी गईं।

जिला कलक्टर ने जनसुनवाई के दौरान विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश देते हुए समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कहा। उन्होंने सड़क निर्माण के प्रस्ताव तैयार करने, पेयजल आपूर्ति के लिए अतिरिक्त पानी के टैंकर उपलब्ध कराने, अवैध कनेक्शनों के विरुद्ध कार्यवाही करने ,आम रास्तों से अतिक्रमण हटाने सहित अन्य आवश्यक निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा माननीय मुख्यमंत्री की मंशा अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में एलईडी वैन के माध्यम से योजनाओं से संबंधित वीडियो फिल्में प्रदर्शित कर ग्रामीणों को जागरूक किया गया तथा प्रचार सामग्री एवं साहित्य का वितरण भी किया गया।

इस अवसर पर उपखंड अधिकारी राजीव बडगूजर, तहसीलदार भागीरथ चौधरी, विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत प्रशासक, ग्राम विकास अधिकारी, पटवारी, विद्युत विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कार्मिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ