पुलिस लाईन क्षेत्र की बड़ी समस्या का होगा समाधानए 3 करोड़ की लागत से बनेगा नाला
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने दी सौगात
नाला निर्माण कार्य का हुआ शिलान्यास
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। लाईन क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्या का अब स्थायी समाधान होने जा रहा है। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने रविवार को 3 करोड़ रुपए की लागत से नाला निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि इस क्षेत्र में लम्बे समय से बारिश के दिनों में जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई थी जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। आमजन की इस पीड़ा को गंभीरता से लेते हुए विशेष प्रयास करके राज्य सरकार से 3 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत कराई गई है एवं अब अजमेर विकास प्राधिकरण द्वारा गुणवत्तापूर्ण नाला निर्माण कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण नाला निर्माण के पूरा होने के पश्चात् जलभराव की समस्या से हमेशा के लिए पूरी तरह राहत मिलेगी तथा आवागमन भी सुगम होगा। विकास कार्यों के प्रति जनता का उत्साह इतना अधिक है कि भारी बारिश में भी शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी पूरे उत्साह के साथ अंत तक बैठे रहे। हम ऎतिहासिक शहर के सर्वांगीण नवनिर्माण के लिए पूर्ण रूप से संकल्पबद्ध हैं तथा इसी कड़ी में वर्तमान में सैकड़ों करोड़ रुपए की भारी राशि से विभिन्न जनोपयोगी विकास कार्य निरंतर प्रगति पर हैं।
उन्होंने कहा कि शहर की ड्रेनेज व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए एक सौ पचास करोड़ रुपए की बड़ी स्वीकृति भी मिल चुकी है तथा जल्द ही इन पर भी धरातल पर काम शुरू होंगे। पर्यटन के दृष्टिकोण से भी यह शहर अब एक नया केन्द्र बन रहा है। यहाँ विकसित किए जा रहे नए डेस्टीनेशन देश-विदेश के टूरिस्ट को अपनी ओर अधिक आकर्षित करेंगे। आमजन की सुविधा के लिए सड़क, स्वच्छ पानी, निर्बाध बिजली, आईटी एवं रोजगार के नए अवसरों सहित शिक्षा के क्षेत्र में भी अभूतपूर्व विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं।
इस अवसर पर शहर अध्यक्ष रमेश सोनी, मंडल अध्यक्ष रचित कच्छावा, राजेन्द्र सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ