महाविद्यालयों में रोवर-रेंजर गतिविधियों के प्रभावी संचालन पर दिया जोर
संभाग स्तरीय प्राचार्य, रोवर रेंजर लीडर संगोष्ठी आयोजित
जीवन जीने की कला सिखाता है स्काउट गाइड गतिविधि - कुलगुरु
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। दयानन्द महाविद्यालय, अजमेर में बुधवार को संभाग स्तरीय महाविद्यालय प्राचार्य एवं रोवर-रेंजर लीडर संगोष्ठी का आयोजन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर के कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल रहे।
संगोष्ठी की शुरुआत जिला कमिश्नर (रोवर) एवं दयानन्द महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. लक्ष्मीकांत शर्मा ने अजमेर, भीलवाड़ा, टोंक और नागौर से आए प्राचार्यों तथा रोवर-रेंजर लीडर्स के शाब्दिक स्वागत से की।
सहायक राज्य संगठन आयुक्त विनोद दत्त जोशी ने महाविद्यालय शिक्षा विभाग द्वारा जारी रोवर-रेंजर गतिविधियों संबंधी कार्यकाल आदेशों, महाविद्यालयों में क्रू एवं टीम गठन, संचालन तथा निपुण, राज्य पुरस्कार से राष्ट्रपति अवॉर्ड तक की प्रगति और पात्रता की विस्तृत जानकारी दी।
सीओ स्काउट अजमेर नरेन्द्र कुमार खोरवाल ने पीपीटी के माध्यम से वर्षभर आयोजित गतिविधियों की जानकारी देते हुए राष्ट्रपति अवॉर्ड रैली, नेशनल जम्बूरी और अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों में विद्यार्थियों की सहभागिता पर प्रकाश डाला।
राज्य संगठन आयुक्त पूरन सिंह शेखावत ने प्रदेश के सभी महाविद्यालयों में रोवर-रेंजर गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने पर बल देते हुए आगामी रोवर-रेंजर लीडर प्रशिक्षण में अधिकाधिक भागीदारी का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि स्काउट-गाइड केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि युवाओं में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन के स्काउट अनुभव साझा करते हुए महाविद्यालयों में नियमित रूप से रोवर-रेंजर गतिविधियों के संचालन पर जोर दिया।
सीओ गाइड अनीता तिवारी ने वार्षिक कैलेंडर के अनुसार माहवार आयोजित होने वाली गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. हरिकृष्ण सेन ने किया, जबकि जिला सचिव सत्यनारायण वैष्णव ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
संगोष्ठी में सीओ स्काउट भीलवाड़ा विनोद घारू, सीओ स्काउट टोंक सुरेन्द्र कुमार मेहरड़ा, जिला कोषाध्यक्ष डॉ. विवेक पारीक, रेंजर लीडर नन्दनी डाबले, राज्य पुरस्कार प्राप्त राशि बंसल, चारू माथुर, देवनारायण गोगोई, देवेन्द्र प्रताप सिंह राठौड़, लोकेश शर्मा, रवि शर्मा, नवीन कुमार सहित संभाग के विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य, रोवर-रेंजर लीडर्स उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ