प्रबन्ध निदेशक वी.एस.भाटी ने किया मदार स्टोर में पौधरोपण
पौधों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाएगी
अजमेर (Ajmer Muskan)। अजमेर विद्युत वितरण निगम ने आज वृक्षारोपण महाभियान के तहत एक ही दिन में 11 जिलों के 204 उपखण्डों में 25 हजार से ज्यादा पौधे लगाए। इन पौधों की देखरेख और सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाएगी। डिस्कॉम के अधिकारियों ने छुट्टी के दिन संकल्प लेकर पौधे लगाए।
प्रबन्ध निदेशक वी.एस. भाटी ने अभियान के तहत मदार स्थित स्टोर पर वृक्षारोपण किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार की पर्यावरण संवर्धन एवं संरक्षण में जनसहभागिता को बढ़ावा देने एवं डिस्कॉम के सामाजिक सरोकारों के तहत अजमेर विद्युत वितरण निगम के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने 12 सर्किलों के 204 उपखंडों में वृक्षारोपण किया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने वृक्षारोपण संवर्धन एवं संरक्षण का संकल्प लिया।
भाटी ने बताया कि डिस्कॉम क्षेत्र के क्षेत्रधीन सभी वृत्त एवं उपखंड कार्यालयों में पर्यावरण संवर्धन एवं संरक्षण को प्रोत्साहित करने हेतु कुल 25 हजार से ज्यादा पौधों का रोपण किया गया। उन्होंने कहा कि पौधों का न केवल रोपण अपितु उसका संरक्षण एवं संवर्धन भी आवश्यक है। निगम के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों नें अच्छी श्रेणी के पौधे जैसे नीम, पीपल, गुलमोहर, अशोक व अन्य छायादार, फलदार पौधे अपने कार्यालय, निकटतम सब स्टेशन, जीएसएस अथवा आसपास के क्षेत्रों में लगाए।
इस अवसर पर सचिव एन.एल. राठी, के.एस. सिसोदिया, मुकेश बाल्दी, एम.एल. रावत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
0 टिप्पणियाँ