Ticker

6/recent/ticker-posts

बजट से अजमेर में स्थापित होंगे विकास के नए आयाम

बजट से अजमेर में स्थापित होंगे विकास के नए आयाम

बजट से अजमेर में स्थापित होंगे विकास के नए आयाम

अजमेर (अजमेर मुस्कान)। राज्य सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए की गई बजट घोषणाओं से अजमेर जिले के लिए विभिन्न घोषणाएं की गई है, इससे अजमेर के विकास को नए आयाम स्थापित होंगे।

जिला कलक्टर लोक बन्धु ने बताया कि अजमेर में 200 करोड़ (दो सौ करोड़) रुपये के ड्रेनेज सिस्टम के कार्य किए जाएंगे। इससे अजमेर शहर में जल भराव की समस्या का पूर्णतः समाधान होगा। इसका कार्य शीघ्र आरम्भ कर निचली बस्तियों के निवासियों को राहत प्रदान की जाएगी।

उन्होंने बताया कि अजमेर में राजस्व मण्डल का पुराना भवन जीर्ण शीर्ण अवस्था को प्राप्त कर चुका है। राजस्व प्रशासन को सुदृढ़ करने एवंं स्टेक होल्डर को बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए एनबीसीसी पैर्टन पर राजस्व मंडल अजमेर के नवीन भवन का निर्माण 150 करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि बजट में की गई घोषणा के अनुसार आनासागर के मानसून में अधिशेष पानी एवं एसटीपी के परिष्कृत पानी को फूलसागर कायड़ में अपवर्तन करते हुए रूपनगढ़ तक बाढ़ प्रोटेक्शन, ड्रेनेज कार्यों के साथ फूलसागर कायड़ से लगभग एक हजार 200 हेक्टेयर में सिंचाई सुविधा तथा औद्योगिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए 100 करोड़ रुपये के कार्य करवाए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए पीपीपी मोड पर स्मार्ट पार्किंग के निर्माण के साथ-साथ पर्यटकों और आमजन की सुविधा के लिए विशेष केंद्र विकसित किए जाएंगे। शिक्षा और संस्कृति के क्षेत्र में कदम बढ़ाते हुए महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय में स्वामी दयानन्द सरस्वती के जीवन पर आधारित एक भव्य पेनोरमा का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा तारागढ़ और तीर्थराज पुष्कर में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया है। पुष्कर में श्रद्धालुओं के लिए हेरिटेज वॉक-वे का निर्माण होगा और मुख्य प्रवेश मार्ग को एक भव्य मॉडल रोड के रूप में विकसित कर उसका सौंदर्यीकरण किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि आर्थिक और तकनीकी विकास को गति देने के लिए अजमेर में 30 करोड़ रुपये की लागत से एक अत्याधुनिक टेक्नो हब स्थापित किया जाएगा। इस केंद्र में स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए टींकरिंग लैब, डीप-टेक लैब, और एआई जैसी नेक्स्ट जनरेशन टेक्नोलॉजी की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पशुपालन को मजबूती देने के उद्देश्य से तबीजी में एक पोल्ट्री फीड यूनिट लगाई जाएगी, जो उचित मूल्य पर मुर्गी दाना उपलब्ध कराएगी।

उन्होंने बताया कि जिले की कनेक्टिविटी को सुधारने के लिए सड़क तंत्र पर बजट में विशेष जोर दिया गया है। इसमें अजमेर-पुष्कर बड़ी घाटी मार्ग और पुष्कर घाटी मार्ग के चौड़ाईकरण के लिए 24 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। क्षेत्र की अन्य महत्वपूर्ण सड़कों, जैसे विजयनगर-केकड़ी मार्ग और पाटन-किशनगढ़ मार्ग के लिए भी करोड़ों रुपये का प्रावधान किया गया है।

उन्होंने बताया कि जल संरक्षण और सिंचाई सुविधाओं के क्षेत्र में भी बजट में व्यापक योजनाएं शामिल हैं। पीसांगन की सागरमति नदी के सुदृढ़ीकरण और प्रोटेक्शन कार्य पर अकेले 60 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके साथ ही जिले के विभिन्न क्षेत्रों जैसे नसीराबाद, सरवाड़ और किशनगढ़ के दर्जनों तालाबों, बांधों और नहरों के जीर्णाेद्धार के लिए 150 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है। माकड़वाली, चाचियावास और रूपनगढ़ जैसे क्षेत्रों में जल संरचनाओं के सुधार से कृषि और ड्रेनेज व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा। यह बजट अजमेर को एक आधुनिक तकनीकी हब, बेहतर पर्यटन केंद्र और सुदृढ़ बुनियादी ढांचे वाला जिला बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ