विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने विविध धार्मिक आयोजनों में की सहभागिता
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने गत दो दिनों के दौरान अजमेर एवं तीर्थराज पुष्कर में आयोजित विभिन्न आध्यात्मिक एवं धार्मिक आयोजनों में सहभागिता करते हुए आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त की तथा प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।
रामनवमी के पावन अवसर पर देवनानी ने तीर्थराज पुष्कर में आयोजित दिव्य शत गायत्री पुरश्चरण महायज्ञ में सम्मिलित होकर विधिवत यज्ञशाला की परिक्रमा एवं आरती की। इस भव्य 43 दिवसीय महायज्ञ में 200 हवन कुंडों पर सतत यज्ञ जारी है। इसमें प्रतिदिन लगभग 2000 विप्रों द्वारा 60 लाख गायत्री मंत्रों का जप किया जा रहा है। परम पूज्य प्रखर जी महाराज के पावन सानिध्य में वैदिक परंपराओं के अनुरूप संपन्न हो रहा यह आयोजन संपूर्ण वातावरण को भक्तिमय बना रहा है। हवन की पवित्र आहुतियों एवं मंत्रोच्चार की गूंज से पुष्कर की धरा आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो उठी। श्री देवनानी ने प्रभु श्रीराम से प्रदेशवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की।
इसी क्रम में देवनानी ने अजमेर स्थित जेएलएन मेडिकल कॉलेज के अम्बेडकर सभागार में श्री रामचन्द्र मिशन हार्टफुलनेस टीम द्वारा आयोजित आध्यात्मिक सत्र में भी भाग लिया। इस अवसर पर पद्मभूषण पूज्य कमलेश डी. पटेल दाजी के सानिध्य में प्राणाहुति पद्धति के माध्यम से ध्यान एवं आत्मिक उन्नति का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। इस सत्र ने जीवन में आंतरिक शांति, संतुलन एवं सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऎसे आध्यात्मिक अनुभव व्यक्ति को आत्मचिंतन की ओर अग्रसर करते हुए मन, बुद्धि एवं आत्मा में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं, जिससे जीवन को सार्थक दिशा मिलती है।
इसके साथ ही देवनानी ने चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर राजगढ़ स्थित श्री भैरव धाम में विशेष ज्योत के दर्शन कर भैरूजी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्हें धाम के उपासक चंपालाल महाराज का सान्निध्य भी प्राप्त हुआ। इस प्रकार विभिन्न आध्यात्मिक आयोजनों में सहभागिता करते हुए विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने आध्यात्मिक आयोजनों में गहरी आस्था से सहभागिता की। जनकल्याण की भावना के साथ प्रदेश में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

0 टिप्पणियाँ