Ticker

6/recent/ticker-posts

धर्म रक्षा स्मृति भवन का हुआ भव्य लोकार्पण

धर्म रक्षा स्मृति भवन का हुआ भव्य लोकार्पण

धर्म रक्षा स्मृति भवन का हुआ भव्य लोकार्पण

धर्म रक्षा स्मृति भवन से सेवा, संस्कार और स्वावलंबन को मिलेगा नया आयाम - देवनानी

अजमेर (अजमेर मुस्कान)। तीर्थराज पुष्कर के समीपवर्ती ग्राम खरेखड़ी वरुण सागर मार्ग में भारतीय जन सेवा प्रतिष्ठान ब्यावर द्वारा निर्मित धर्म रक्षा स्मृति भवन का भव्य लोकार्पण समारोह श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक समर्पण के वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में संत-महात्माओं के सानिध्य तथा विभिन्न गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि धर्म रक्षा स्मृति भवन केवल एक इमारत नहीं, बल्कि समाज के सर्वांगीण विकास, संस्कार निर्माण और सेवा भाव की सशक्त अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि ऎसे सेवा प्रकल्प समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के साथ ही नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित सफल उद्यमी ललिता निझावन ने अपने उद्बोधन में कहा कि समाज के उत्थान के लिए शिक्षा, संस्कार और महिला सशक्तिकरण को एक साथ आगे बढ़ाना आवश्यक है तथा यह भवन इन सभी उद्देश्यों की पूर्ति का एक सशक्त माध्यम बनेगा।
कार्यक्रम में संत सानिध्य के रूप में कपालेश्वर महादेव मंदिर पुष्कर के महंत पूज्य सेवानंदगिरी महाराज, नृसिंह द्वारा पाटन-बदनोर के महंत पूज्य रामकृष्ण दास महाराज एवं नौसर माता मंदिर पुष्कर घाटी के पूज्य रामाकृष्ण देव जी महाराज ने अपने आशीर्वचन देते हुए इस सेवा कार्य को समाज के लिए अत्यंत पुण्यकारी और अनुकरणीय बताया।
विशिष्ट अतिथियों के रूप में उपस्थित विश्व हिन्दू के केन्द्रीय मंत्री उमाशंकर शर्मा, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, विश्व हिन्दू परिषद के केन्द्रीय मंत्री एवं भारतीय जनसेवा संस्थान दिल्ली के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष आनन्द गोयल, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सुदेशपाल तथा विश्व हिन्दू परिषद राजस्थान के क्षेत्र संगठन मंत्री राजाराम ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए इस पहल को समाज के कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में बताया गया कि धर्म रक्षा स्मृति भवन में आधुनिक एवं सनातन मूल्यों पर आधारित विद्यालय, बाल संस्कार केंद्र, महिला स्वावलंबन हेतु सिलाई एवं हथकरघा प्रशिक्षण केंद्र तथा निःशुल्क औषधि वितरण केंद्र का संचालन किया जाएगा। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कार और रोजगार के क्षेत्र में समाज के विभिन्न वर्गों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
विश्व हिन्दू परिषद धर्म प्रसार विभाग ब्यावर परियोजना की प्रेरणा से निर्मित इस भवन के लोकार्पण पर उपस्थित सभी अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भारतीय जन सेवा प्रतिष्ठान ब्यावर के इस पुनीत प्रयास की सराहना करते हुए सभी सहयोगकर्ताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं की सहभागिता रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ