Ticker

6/recent/ticker-posts

जिला कलक्टर ने किया गैस एजेन्सी का औचक निरीक्षण

जिला कलक्टर ने किया गैस एजेन्सी का औचक निरीक्षण

जिला कलक्टर ने किया गैस एजेन्सी का औचक निरीक्षण

आमजन से वार्तालाप कर किया समस्याओं का समाधान

अजमेर (अजमेर मुस्कान)। जिला कलक्टर लोक बन्धु ने शनिवार को अजमेर शहर की गैस एजेन्सी का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश प्रदान किए। इनके साथ जिला रसद अधिकारी मोनिका जाखड़ भी थी।

जिला कलक्टर लोक बन्धु ने केसरगंज रावण की बगीची क्षेत्र की गैस एजेन्सी अवंतिका इंडेन का औचक निरीक्षण किया। वहां उपस्थित उपभोक्ताओं के साथ वार्तालाप किया। इन उपभोक्ताओं की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया। साथ ही एजेंसी संचालक को उपभोक्ताओं की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ तुरंत निस्तारण करने के लिए पाबंद किया।

जिला कलक्टर ने अवंतिका इंडेन गैस एजेंसी के निरीक्षण के दौरान स्टॉक की जांच की गई। प्रतिदिन प्राप्त होने वाले तथा वितरण किए जाने वाले गैस सिलेंडर की संख्या के बारे में गहनता से परीक्षण किया गया। गैस एजेन्सी के संचालक को समय पर सिलेण्डर की होम डिलीवरी करने के निर्देश दिए गए। गैस सिलेण्डर बुक करवाने से पूर्व समस्त उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी आवश्यक रूप से करवाने के लिए पाबन्द किया गया।

उन्होंने कहा कि गैस सिलेण्डर बुक कराने में किसी उपभोक्ता को समस्या आने पर अन्य वैकल्पिक तरीके उपयोग में लिए जाएं। गैस एजेन्सी संचालक उपभोक्ताओं का पूर्ण सहयोग करेंगे। गैस सिलेण्डर की डिलीवरी शत प्रतिशत ओटीपी के माध्यम से होनी चाहिए। अतिआवश्यक स्थिति में मौके पर भी सिलेण्डर उपलब्ध रहे। अनायास सिलेण्डर लेने वाले उपभोक्ताओं पर विशेष निगाह रखने की आवश्यकता है। व्यावसायिक सिलेण्डरों के संबंध में भी सरकार के निर्देशों की पालना सुनिश्चित की जाए। जिले में गैस सिलेण्डर की अवैध जमाखोरी, कालाबाजारी एवं रिफीलिंग को रोकने के लिए लगातार कार्यवाही की जा रही है। गैस की उपलब्धता के संबंध में किसी प्रकार की शिकायत एवं अवैध गतिविधियों की सूचना के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नम्बर 01452628932 पर सम्पर्क किया जा सकता है। नियंत्रण कक्ष पर प्राप्त शिकायतों एवं सूचनाओं पर त्वरित कार्यवाही करने के लिए अधिकारियों को पाबन्द किया गया है।

जिला कलक्टर ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाहों के आधार पर घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने विपणन कंपनियों के अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि वे अपने उपभोक्ताओं तक प्रमाणित सूचना एवं जागरूकता संदेश प्रसारित करें, ताकि आमजन तक सही जानकारी पहुंचे और अनावश्यक भ्रम की स्थिति उत्पन्न नहीं हो। वर्तमान में गैस एजेंसियों पर बुकिंग की प्रक्रिया पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित हो रही है। जिले में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उपभोक्ताओं को पैनिक होने की आवश्यकता नहीं है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ