Ticker

6/recent/ticker-posts

जिला कलक्टर ने ग्राम हटुंड़ी में लगाई रात्रि चौपाल

जिला कलक्टर ने ग्राम हटुंड़ी में लगाई रात्रि चौपाल

जिला कलक्टर ने ग्राम हटुंड़ी में लगाई रात्रि चौपाल

अधिकारियों को दिए आमजन की समस्याओं के निस्तारण के निर्देश

अजमेर (अजमेर मुस्कान)। जिला कलक्टर लोक बन्धु की अध्यक्षता में शनिवार को अजमेर ग्रामीण पंचायत समिति के ग्राम हटुंड़ी में रात्रि चौपाल आयोजित की गई। इस दौरान ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं के निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देश देते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की भावना के अनुसार परिवेदनाओं का निस्तारण कर आमजन को राहत पहुंचाई जाए। इस दौरान 40 प्रकरण आए।

उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं के निराकरण में अधिकारी संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए पीड़ित व्यक्तियों को शीघ्र राहत प्रदान करें। उन्होंने निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए उनके निस्तारण की प्रगति बढ़ाए।

चौपाल के दौरान परिवादियों ने ग्राम में क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, नियमित जलापूर्ति, विद्युत वोल्टेज व कटौती की समस्या, सड़क निर्माण, असामाजिक तत्वों द्वारा सामुदायिक भवन को क्षतिग्रस्त करने, सामुदायिक भवन की मरम्मत, गोचर भूमि पर अवैध अतिक्रमण, पुलिस चौकी शुरू करने, सार्वजनिक बावड़ी की मरम्मत एवं तारबंदी करने, ग्राम में संचालित शूकर पालन फॉर्म को बंद करवाने तथा कचरे के समुचित एवं नियमित निस्तारण, चिकित्सक की उपलब्धता सुनिश्चित करने, अवैध अतिक्रमण हटाने सहित अन्य परिवेदनाएं प्रस्तुत की।

जिला कलक्टर ने मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को बुलाकर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मूल सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों का समाधान प्राथमिकता से किया जाए तथा अतिक्रमण के मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित हो।

रात्रि चौपाल में उपखंड अधिकारी  गरिमा नरूला, तहसीलदार ओम सिंह लखावत, विकास अधिकारी सुधीर पाठक सहित चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, विद्युत, सार्वजनिक निर्माण विभाग एवं अन्य विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ