राजस्थान दिवस समारोह - 2026 : प्रथम दिन स्वच्छता सप्ताह का हुआ शुभारम्भ
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। राजस्थान दिवस समारोह- 2026 के अन्तर्गत शनिवार को स्वच्छता सप्ताह का शुभारम्भ हुआ। इसकी अध्यक्षता अतिरिक्त जिला कलक्टर वंदना खोरवाल द्वारा की गई। आज का पूरा कार्यक्रम जीरो वेस्ट ईवेंट के तहत आयोजित किया गया।
अतिरिक्त जिला कलक्टर वंदना खोरवाल ने बताया कि राजस्थान दिवस सप्ताह की पहली कड़ी में नगर निगम द्वारा फव्वारा चौराहे पर सुभाष उद्यान में स्वच्छता दिवस मनाया गया। समारोह का मुख्य आकर्षण नगर निगम द्वारा फीवर क्लीनिंग के लिए सफाई रोबोट का शुभारंभ फीता काट कर एवं पूजा कर शुभारंभ किया गया। यह सफाई रोबोट आम जनता के लिए सुपुर्द किया गया। इसके द्वारा मानवीय श्रम की काफी बचत होगी एवं मैन्युअल एंट्री बैन, कानून का सख्ती से पालन हो सकेगा।
उन्होंने बताया कि स्वच्छता संकल्प एवं जागरूकता कार्यक्रम के दौरान नगर निगम के उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिला व पुरुष स्वच्छता सैनिकों का सम्मान किया गया। सीवर सफाई कार्मिक को पीपीई किट का वितरण किया गया। इसी कड़ी में शहर के विभिन्न स्कूलों में वेस्ट टू वंडर आर्ट प्रतियोगिता करवाई गई एवं बच्चों का प्रदर्शन आयोजन स्थल पर किया गया एवं उनको प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
उन्होंने बताया कि मेरी कहानी-मेरी जुबानी कार्यक्रम के अंतर्गत समीना बानो एवं कृष्णा द्वारा एसएचजी महिलाओं के ग्रुप बनाकर स्वच्छता से संबंधित विभिन्न गतिविधियों के बारे में विस्तृत वर्णन किया गया। कृष्णा दिव्यांग एवं विधवा महिला होने के बावजूद नगर निगम के विभिन्न अभियानों में सक्रिय रूप से भागीदारी सुनिश्चित की।
प्रोग्राम की अगली कड़ी में सुभाष उद्यान के भीतर पौधारोपण किया गया। सभी उपस्थित कर्मचारियों अधिकारियों को स्वच्छता हेतु साल में 100 घंटे श्रमदान करने हेतु शपथ दिलवाई गई। अंत में गतिविधि का समापन स्वच्छता अभियान के अंतर्गत श्रमदान कर झाड़ू लगाकर किया गया।
कनिष्ठ अभियंता बबीता सिंह के द्वारा पिछले वर्ष भर में स्वच्छता के अंतर्गत किए गए विभिन्न कार्य एवं नवाचार आदि का विस्तृत वर्णन किया गया। राजस्थान दिवस सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न दिवसों पर चलाए जाने वाले विभिन्न अभियानों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर नगर निगम के उपायुक्त नीलू गुर्जर, अधीक्षण अभियंता मनोहर सोनगरा, स्वास्थ्य अधिकारी रमेश चौधरी, एसबीएम प्रभारी बबीता सिंह, प्रोग्राम समन्वयक राम विलास जांगिड, अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ