राजस्थान ट्रेड प्रमोशन पॉलिसी 2025 लागू, व्यापारियों को मिलेगा वित्तीय संबल
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। राज्य सरकार द्वारा व्यापार एवं निवेश को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ’राजस्थान ट्रेड प्रमोशन पॉलिसी -2025’ लागू कर दी गई है। यह नीति 31 मार्च 2029 तक प्रभावी रहेगी। इसके अंतर्गत सूक्ष्म, रिटेल एवं होलसेल व्यापारियों को विभिन्न प्रकार की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी, जिससे राज्य में व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र के महाप्रबन्धक धर्मेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि ट्रेड प्रमोशन पॉलिसी-2025 के तहत एक करोड़ रूपये तक के ऋण पर 6 प्रतिशत एवं एक करोड़ से 2 करोड़ तक के ऋण पर 4 प्रतिशत तक ब्याज अनुदान का प्रावधान किया गया है। साथ ही एससी, एसटी, महिला एवं दिव्यांग उद्यमियों को एक से 2 करोड़ तक के ऋण पर अतिरिक्त एक प्रतिशत ब्याज अनुदान दिया जाएगा। इसके अलावा 5 करोड़ रूपये तक के ऋण पर सीजीटीएमएसई गारंटी फीस का 50 प्रतिशत (अधिकतम एक लाख रूपये प्रतिवर्ष) तथा ई-कॉमर्स प्लेफॉर्म फीस का 75 प्रतिशत (अधिकतम 50 हजार रूपये) वापस देने का प्रावधान किया गया है।
महाप्रबन्धक ने बताया कि नीति में प्रशिक्षण, कौशल विकास एवं उद्योग सहयोग के माध्यम से रोजगार सृजन पर विशेष जोर दिया गया है, जिससे युवाओं को स्वरोजगार एवं रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे। पॉलिसी के तहत प्रशिक्षण और उद्योग सहयोग के जरिए रोजगार सृजन पर भी जोर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन 15 अप्रैल से शुरू हो चुके है। आवेदन एसएसओ आईडी अथवा ई-मित्र के माध्यम से भरा जा सकता है। यह नीति राज्य में निवेश बढ़ाने, नए व्यापार स्थापित करने और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

0 टिप्पणियाँ