विश्व विरासत दिवस के अवसर पर अजमेर मंडल पर रेल विरासत सप्ताह शुरू
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। अजमेर मंडल द्वारा रेलवे धरोहर के संरक्षण एवं जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 18 से 23 अप्रैल तक “रेलवे विरासत सप्ताह” का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर विभिन्न आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, अजमेर तथा विरासत रेल इंजनों (हेरिटेज लोकोमोटिव) पर रंगीन प्रकाश सज्जा (कलर लाइट डेकोरेशन), अजमेर रेलवे स्टेशन पर डिजिटल माध्यम से रेलवे की ऐतिहासिक धरोहर से संबंधित सामग्री का प्रदर्शन, अजमेर मंडल की रेलवे धरोहर परिसंपत्तियों के संरक्षण विषय पर विचार-विमर्श हेतु बैठक, मारवाड़–खामली घाट सेक्शन पर विद्यार्थियों के लिए विरासत यात्रा का आयोजन, “विरासत” विषय पर पोस्टर, निबंध व प्रश्नोत्तर प्रतियोगिता जैसे कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।
उक्त कार्यक्रम का संयोजन मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा के आदेशानुसार मंडल कार्यालय के ईएनएचएम विंग के अंतर्गत वरि.मंडल यांत्रिक इंजीनियर मनोज कुमार मीना के निर्देशन में किया जायेगा I
अजमेर मंडल प्रशासन आमजन, विद्यार्थियों एवं सभी रेल कर्मियों से अपील करता है कि वे इन कार्यक्रमों में भाग लेकर भारतीय रेल की समृद्ध विरासत को करीब जानें एवं इसके संरक्षण में अपना योगदान दें।

0 टिप्पणियाँ