स्वच्छता ही धरोहर संरक्षण का आधार : कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल
एम.डी.एस. विश्वविद्यालय में ‘स्वच्छ परिसर सुचिता अभियान’ का भव्य शुभारंभ, कुलगुरु ने किया श्रमदान
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर में ‘धरोहर संरक्षण दिवस’ के अवसर पर ‘स्वच्छ परिसर शुचिता अभियान’ का भव्य शुभारंभ उत्साह और सहभागिता के साथ किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल ने अभियान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का संदेश दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलगुरु प्रो. अग्रवाल ने स्वच्छता और धरोहर संरक्षण के बीच गहरे संबंध को रेखांकित करते हुए कहा कि “किसी भी धरोहर का संरक्षण स्वच्छता के बिना संभव नहीं है। जब तक हम स्वच्छता को अपने व्यवहार और संस्कार का हिस्सा नहीं बनाते, तब तक किसी भी संस्थान या विरासत की रक्षा अधूरी रहती है।” उन्होंने भावनात्मक शब्दों में विश्वविद्यालय की महत्ता को स्पष्ट करते हुए कहा कि यह संस्थान केवल एक शैक्षणिक केंद्र नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सौंपी जाने वाली एक अमूल्य धरोहर है। इसकी स्वच्छता, सुरक्षा और सौंदर्य बनाए रखना विश्वविद्यालय परिवार के प्रत्येक सदस्य का नैतिक दायित्व है। कुलगुरु ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत और सशक्त भारत’ के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि विश्वविद्यालय इस राष्ट्रीय अभियान को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभाएगा।
यह स्वच्छता अभियान विश्वविद्यालय के उद्यान विभाग एवं स्वच्छताकर्मियों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। अभियान के प्रथम दिन विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरे उत्साह और जिम्मेदारी के साथ परिसर के विभिन्न भागों में साफ-सफाई कर सामूहिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
कुलसचिव कैलाश चन्द्र शर्मा ने अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि यह पहल केवल एक दिवस तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसे वर्षभर सतत रूप से संचालित किया जाएगा। इसके अंतर्गत प्रत्येक माह के प्रथम सप्ताह में तीन दिन तथा अंतिम सप्ताह में भी तीन दिन विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, जिससे परिसर की स्वच्छता और सौंदर्य निरंतर बनाए रखा जा सके। कार्यक्रम के अंत में कुलगुरु प्रो. अग्रवाल ने सभी उपस्थितजनों को परिसर को स्वच्छ, सुंदर एवं हरित (ग्रीन कैंपस) बनाए रखने का संकल्प दिलाया। साथ ही, उन्होंने स्वच्छता अभियान में समर्पित रूप से कार्य कर रहे स्वच्छता कार्मिकों को अल्पाहार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने बताया कि यह अभियान न केवल स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का माध्यम बना, बल्कि विश्वविद्यालय समुदाय में सामूहिक जिम्मेदारी और सहभागिता की भावना को भी सुदृढ़ करने वाला एक प्रेरणादायक प्रयास सिद्ध हुआ।
इस अवसर पर कुलसचिव कैलाश चंद्र शर्मा, वित्त नियंत्रक नेहा शर्मा, परीक्षा नियंत्रक डॉ. सुनील टेलर सहित विश्वविद्यालय के अनेक वरिष्ठ प्राध्यापक एवं अधिकारी उपस्थित रहे। इनमें प्रो. अरविंद पारीक, प्रो. सुब्रतो दत्ता, प्रो. ऋतु माथुर, प्रो. सुभाष चंद्र, प्रो. प्रवीण माथुर, प्रो. शिवप्रसाद, डॉ. लारा शर्मा, डॉ. असीम जयंती, डॉ. सूरज राव, डॉ. तपेश्वर कुमार, डॉ. राजू शर्मा, उद्यान अधीक्षक राजेंद्र तिवारी एवं सफाई निरीक्षक सीताराम सहित अन्य गणमान्यजन शामिल रहे।

0 टिप्पणियाँ