श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर भोलेश्वर मंदिर में होगा भव्य आयोजन
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। भोलेश्वर मंदिर सेवा ट्रस्ट जनता कॉलोनी वैशाली नगर अजमेर द्वारा शुक्रवार 4 सितम्बर को श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के शुभ अवसर पर भोलेश्वर मंदिर जनता कॉलोनी वैशाली नगर अजमेर में एक भव्य आयोजन रखा गया है। ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री गोरधनदास मोतियानी ने बताया कि इस शुभ अवसर पर इस वर्ष मन्दिर की विशेष सजावट में फूल बंगला सजाया जाएगा।
ट्रस्ट के महासचिव राजेन्द्र कुमार लालवानी ने बताया कि इस कार्यक्रम के अन्तर्गत दीनदयाल उपाध्याय पार्क में राधा कृष्ण बनो प्रतियोगिता भी रखी गई है जिसमें छोटे बच्चों के 3 समूहों में राधा और कृष्ण की वेशभूषा पहनकर आने वाले बच्चों को पुरुस्कृत किया जायेगा।
ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष दयाल प्रियानी ने अवगत कराया कि इस विशेष कार्यक्रम में कृष्ण भगवान के भजनों के साथ बच्चों द्वारा नृत्य भी पेश किए जाएंगे। इस बार बच्चों के लिए विशेष रूप से एक झूला सजाया जाएगा जिसमें राधा, कृष्ण व अन्य वेशभूषा पहनकर आने वाले बच्चे अपनी सेल्फी निकलवा सकेंगे। यह कार्यक्रम रात्रि 8 बजे से प्रारंभ होगा और मध्य रात्रि 12 बजे महाआरती होगी और उसके पश्चात प्रसाद वितरण किया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ