Ticker

6/recent/ticker-posts

माकड़वाली रोड़ से मोबाईल टावर हटाएं, कंपनी के विरूद्ध दर्ज हो एफआईआर

माकड़वाली रोड़ से मोबाईल टावर हटाएं, कंपनी के विरूद्ध दर्ज हो एफआईआर

माकड़वाली रोड़ से मोबाईल टावर हटाएं, कंपनी के विरूद्ध दर्ज हो एफआईआर

विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, अवैध निर्माण पर सख्त कार्रवाई करें - विधानसभा अध्यक्ष

अजमेर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में वासुदेव देवनानी ने दिए निर्देश


अजमेर (अजमेर मुस्कान)। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि अजमेर के विकास से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारी अपने दायित्वों को गंभीरता से निभाते हुए विकास कार्यों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। अवैध निर्माण, अतिक्रमण तथा बिना अनुमति किए गए कार्यों पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने माकड़वाली रोड़ पर बिना अनुमति लगाए गए मोबाईल टावर को तुरंत हटाने के निर्देश दिए। यह टावर क्षेत्र में यातायात की नई समस्या बन गए हैं।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अजमेर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने शहर के विभिन्न विकास कार्यों, सड़क निर्माण, अवैध निर्माण, अतिक्रमण, सफाई व्यवस्था तथा आधारभूत संरचना से जुड़े विषयों की विस्तार से समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

उन्होंने पृथ्वीराज नगर स्टेडियम निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि लेवलिंग कार्य पूर्ण होने के बाद अब बाउंड्री वॉल एवं फेंसिंग कार्य में तेजी लाई जाए। निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण होना चाहिए। इससे क्षेत्रवासियों को बेहतर खेल सुविधाएं समय पर उपलब्ध हो सकेंगी।

अजमेर उत्तर क्षेत्र में निजी कंपनी द्वारा लगाए जा रहे टावरों की समीक्षा करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने बिना अनुमति निर्मित टावरों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से माकड़वाली रोड़ पर स्थापित टावर को गंभीर विषय बताते हुए कहा कि यह टावर यातायात में अवरोध उत्पन्न कर रहा है तथा दुर्घटना की आशंका बढ़ा रहा है। उन्होंने निजी कंपनी द्वारा किए गए अवैध निर्माण के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने, अवैध निर्माण ध्वस्त करने तथा अनुमति नहीं होने की स्थिति में तत्काल कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। 

उन्होंने प्राधिकरण सचिव पर नाराजगी जताते हुए कहा कि एडीए के अधिकारी अपने पद की जिम्मेदारी समझें और कार्यक्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाएं। उन्होंने अजमेर विकास प्राधिकरण की सड़कों के डिवाइडर तोड़कर बिना अनुमति के एनओसी के आधार पर निजी कंपनियों द्वारा लगाए गए टावरों पर भी जानकारी मांगी। नौसर पुष्कर मार्ग, रीजनल कॉलेज के सामने, आनासागर सरक्यूलर रोड, बीकानेर स्वीट्स चौराहे से भैरूवाड़ा माकड़वाली मार्ग सहित विभिन्न स्थानों पर लगाए गए ऎसे टावरों पर की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकारी भूमि एवं यातायात व्यवस्था को प्रभावित करने वाले सभी अवैध निर्माणों पर सख्ती से कार्रवाई की जाए।

उन्होंने लोहागल सड़क विस्तार कार्य की समीक्षा करते हुए सड़क निर्माण को शीघ्र पूर्ण कराने तथा बीच में आ रहे अतिक्रमणों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि पर इस प्रकार का अतिक्रमण नियमविरुद्ध होने के साथ यातायात व्यवस्था को भी प्रभावित करता है।

उन्होंने भक्तिधाम मार्ग, जयपुर रोड से अंबेडकर सर्किल तक तथा अन्य क्षतिग्रस्त सड़कों के दुरुस्तीकरण एवं पेंचवर्क कार्य शीघ्र कराने के निर्देश देते हुए सार्वजनिक निर्माण विभाग को संबंधित सड़कों का शीघ्र हैंडओवर सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने एमडीएस तिराहे से अंबेडकर सर्किल तक सड़क मरम्मत कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

देवनानी ने टेलीफोन एक्सचेंज चौराहे से वरुण सागर झील तक सड़क चौड़ीकरण कार्य के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह मार्ग पुष्कर के लिए एक महत्वपूर्ण वैकल्पिक मार्ग बन सकता है। वन-वे व्यवस्था जैसे विकल्पों के माध्यम से यातायात दबाव कम होगा तथा हाल ही में पुष्कर घाटी में हुई दुर्घटनाओं जैसी स्थितियों से बचाव संभव होगा।

उन्होंने भैरूवाड़ा से नागौर राजमार्ग तक, रेयान स्कूल से हाथीखेड़ा होते हुए वरुण सागर एवं खरेखड़ी मार्ग तक तथा स्टीफन चौराहे से माकड़वाली होते हुए नागौर हाईवे तक प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही नगर निगम के नवीन भवन से लोहागल होते हुए नागौर हाईवे तक सड़क निर्माण कार्य में खातेदारी भूमि चिन्हित करने, भूमि उपयोग परिवर्तन सहित अन्य प्रक्रियाओं को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने पृथ्वीराज नगर से रातीडांग, चौरसियावास होते हुए नौसर घाटी सड़क निर्माण सहित सभी प्रस्तावित सड़कों के कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने पर जोर देते हुए कहा कि विकास कार्यों में देरी जनता के हितों के साथ समझौता है।

उन्होंने रामसेतु के नीचे पार्किंग व्यवस्था, नालों की सफाई के टेंडर, नगर निगम में नवीन जुड़े क्षेत्रों में सफाई एवं कचरा संग्रहण व्यवस्था, आनासागर झील में जलकुंभी की समस्या के लिए पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून पूर्व नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि अजमेर के विकास को लेकर प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्य करे। जनता को सुविधा, सुगम यातायात, स्वच्छता और सुरक्षित आधारभूत संरचना उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निगम आयुक्त का चार्ज देख रही श्रीमती नित्या के. से नालों की सफाई का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता से करवाने के निर्देश दिए। 

इस अवसर पर अजमेर विकास प्राधिकरण के सचिव अनिल पूनिया, अधीक्षक अभियंता ओ.पी. वर्मा सहित अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ