Ticker

6/recent/ticker-posts

अवैध खनन अभियान को लेकर जिला कलक्टर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित

अवैध खनन अभियान को लेकर जिला कलक्टर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित

अवैध खनन अभियान को लेकर जिला कलक्टर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित

अजमेर (अजमेर मुस्कान)। जिला कलक्टर लोक बन्धु की अध्यक्षता में जिले में अवैध खनन गतिविधियों तथा खनिज विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं अवैध खनन निगरानी समिति की जिला स्तरीय बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।

बैठक में विगत वित्तीय वर्ष एवं इस वित्तीय वर्ष में जिले में अवैध खनन, निर्गमन एवं भण्डारण के विरूद्ध की गई कार्यवाही के संबंध में अवगत कराया। जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने चालू वित्तीय वर्ष में पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में अधिक कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर लोक बन्धु द्वारा जिले में अवैध खनन एवं निर्गमन की प्रभावी रोकथाम के लिए तथा खनिज विकास, पर्यावरण संरक्षण के लिए जिले के अवैध खनन, निर्गमन तथा भण्डारण के संवेदनशील क्षेत्रों पर एसआईटी सदस्य विभागाें द्वारा योजनाबद्ध तरीके से संयुक्त कार्यवाही किए जाने के लिए निर्देशित किया गया। जिले में खनिज बजरी के चालू खनन पट्टों में नियमानुसार खनन कार्य किए जाने के लिए पट्टेधारियों को पाबन्द कराये जाने के निर्देश प्रदान किए गए। जिले में खनिज बजरी के अवैध खनन, निर्गमन एवं भण्डारण की प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण कर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश प्रदान किए गए। जिले में कहीं पर भी अवैध खनन नहीं हो यह सुनिश्चित करने के लिए सभी सदस्य विभागों को निर्देशित किया गया।

उन्होंने कहा कि वैध खनन केवल आंवटित क्षेत्र की सीमा में ही होना चाहिए। इसकी पूरी निगरानी की जाए। श्रीनगर, देवलिया कलां, बड़ली, बराई डूंगरी सहित जिले में अवैध खनन के स्थानों पर से इस प्रकार की गतिविधियां रोके जाने की आवश्यकता है। वन भूमि तथा अजमेर विकास प्राधिकरण की भूमि पर भी अवैध खनन रोकने की कार्यवाही करें।

उन्होंने कहा कि अवैध खनन के संभावित क्षेत्रों की लगातार ड्रोन फोटोग्राफी कराएं। पूर्व के फोटोग्राफ तथा नवीन फोटोग्राफ के मध्य अन्तर पाए जाने पर योजनाबद्ध तरह से कार्यवाही को अंजाम दिया जाए। पुलिस विभाग भी क्षेत्र से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर अन्य विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करें। ओवर लोडिंग वाहनों पर भी लगातार कार्यवाही की जाए। अन्य जिलों से होने वाले अवैध निर्गमन पर भी नजर रखने के लिए निचले स्तर तक तैयारी होनी चाहिए।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेन्द्र कुमार मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु, खनि अभियंता सत्यनारायण कुमावत, सहायक वन संरक्षक विभा चौधरी, जिला परिवहन अधिकारी राजीव कुमार सहित अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ