विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने निर्माणाधीन हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना भवन का किया निरीक्षण
गुणवत्ता से नहीं हो समझौता , दीपावली पूर्व कार्य पूर्ण कर लिया जाए - विधानसभा अध्यक्ष
चार मंजिला आधुनिक थाना भवन में होंगे ऑफिस, बैरक सहित सभी आवश्यक सुविधाएं
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। अजमेर शहर की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में निर्माणाधीन हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना भवन का कार्य तेजी से प्रगति पर है। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने रविवार को निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं समयबद्धता की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाए तथा इसे निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए।
निरीक्षण के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने ठेकेदार एवं अभियंताओं को हिदायत दी कि निर्माण कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप हो तथा प्रत्येक चरण की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि यह थाना भवन क्षेत्र की बढ़ती आबादी और सुरक्षा आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जा रहा है, इसलिए इसकी गुणवत्ता और उपयोगिता दोनों उच्च स्तर की होनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि यह थाना भवन चार मंजिला आधुनिक संरचना के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसमें प्रशासनिक कार्यालय, पुलिसकर्मियों के लिए बैरक, आवश्यक सुविधाएं एवं आधुनिक संसाधनों का समुचित प्रावधान रहेगा। यह भवन भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जा रहा है, जिससे पुलिस कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी और सुगम बन सके।
विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने निर्माण एजेंसी को निर्देशित करते हुए कहा कि 15 अक्टूबर तक थाना भवन का निर्माण कार्य पूर्ण किया जाए। इससे दीपावली से पूर्व इसे आमजन की सेवा के लिए समर्पित किया जा सके। उन्होंने कहा कि यह थाना क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को नया आयाम देगा और आमजन को त्वरित एवं प्रभावी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराएगा।
पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अगरवाला ने जानकारी देते हुए बताया कि विधानसभा अध्यक्ष ने निर्माण कार्य को दीपावली से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं तथा कार्य प्रगति की निरंतर समीक्षा की जा रही है। इसके लिए वृत्त अधिकारी श्री शिवम को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। नियमित समीक्षा से निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण हो सकेगा।
निरीक्षण के दौरान संबंधित पुलिस अधिकारी एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ