सांवलिया सेठ से लौट रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, एक की मृत्यु
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने घायलों का हाल जाना, अधिकारियों को दिए त्वरित एवं समुचित उपचार के निर्देश
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। सांवलिया सेठ से दर्शन कर अजमेर लौट रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी भीलवाड़ा के आगे हाईवे पर एक ट्रक से टकरा जाने के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में एक श्रद्धालु की मृत्यु हो गई, जबकि अन्य परिवारजन घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने त्वरित संज्ञान लेते हुए श्रद्धालुओं के साथ गए रमेश चेलानी और कुमार लालवानी से पूरी घटना की जानकारी ली। उन्होंने भीलवाड़ा जिला कलक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं चिकित्सालय अधीक्षक से दूरभाष पर वार्ता कर घायलों की कुशलक्षेम जानी तथा उपचार की स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि दुर्घटना में घायल किसी भी मरीज के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही या देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी घायलों को निःशुल्क, समुचित एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यक दवाइयों, जांच एवं विशेषज्ञ उपचार की पूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा।
उन्होंने दुर्घटना में मृत श्रद्धालु के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में उनके साथ है और हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ