Ticker

6/recent/ticker-posts

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने महात्मा ज्योतिबा फुले को अर्पित की श्रद्धांजलि

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने महात्मा ज्योतिबा फुले को अर्पित की श्रद्धांजलि

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने महात्मा ज्योतिबा फुले को अर्पित की श्रद्धांजलि

महात्मा फुले के विचार आज भी सामाजिक परिवर्तन और समतामूलक समाज के निर्माण के लिए प्रासंगिक : देवनानी


अजमेर (अजमेर मुस्कान) । राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष  वासुदेव देवनानी ने शनिवार को महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि पर ज्योतिबा फुले सर्किल पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने महात्मा फुले के सामाजिक, शैक्षणिक एवं राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान का स्मरण किया।

देवनानी ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनके विचार और कार्य भारतीय समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने विशेष रूप से महिला शिक्षा को प्रोत्साहित करने तथा वंचित एवं पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए ऎतिहासिक कार्य किए। समाज में व्याप्त कुरीतियों और भेदभाव के विरुद्ध उनका संघर्ष सदैव स्मरणीय रहेगा।

उन्होंने कहा कि महात्मा फुले ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन और समानता स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बनाया। महिलाओं एवं वंचित वर्गों को शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने के उनके प्रयासों ने समाज में नई चेतना का संचार किया। उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और समतामूलक, जागरूक एवं सशक्त समाज के निर्माण के लिए मार्गदर्शन प्रदान करते हैं।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान समय में आवश्यकता है कि हम महात्मा फुले के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं तथा शिक्षा, सामाजिक समरसता और समान अवसरों को बढ़ावा दें। युवाओं को समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। शिक्षित, जागरूक एवं संवेदनशील समाज ही राष्ट्र की प्रगति का मजबूत आधार बन सकता है।

इस अवसर पर महापौर अनामिका शर्मा, जिला मंत्री चंद्रेश सांखला सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ