अजमेर। तेजी से फैल रहे कोरोना वायरस का डर अब हर किसी को सताने लगा है। शनिवार को शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा तो काफी बाजार में बंद दिखे । सड़कों पर कुछ एक वाहन आते-जाते देखे गए।
कोरोना वायरस के संदिग्ध की बढ़ती संख्या से अजमेर की सड़कों पर जहां हर रोज भारी भीड़ रहती थी वहीं शनिवार को सन्नाटा पसरा रहा। कुछ दुकानें तो खुली थीं लेकिन वहां ग्राहकों की संख्या नहीं के बराबर रही। मेडिकल स्टारों पर भीड़ जरूर देखी गई। रेलवे व बस स्टेशनों पर भी शनिवार को लोगों की संख्या बहुत ही कम रही। कोरोना को लेकर जहां एक दिन पहले तक लोगों में कोई सावधानी नहीं दिख रही थी वह शनिवार को अचानक दिखने लगी। लोग बिना किसी आवश्यक कार्य के घरों से निकलने में परहेज करना शुरू कर दिया है।
कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए केंद्र सरकार और राज्य सरकारें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। शनिवार देर रात राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजस्थान में लॉकडाउन का ऐलान किया। राजस्थान में 31 मार्च तक लॉक डाउन रहेगा, जरूरी सेवाएं खुली रहेंगी। गहलोत ने कहा कि इस लॉक डाउन के तहत आवश्यक सेवाओं के अतिरिक्ति समस्त राजकीय एवं निजी कार्यालय, मॉल्स, दुकानें, फैक्ट्रियां एवं सार्वजनिक परिवहन आदि बंद रहेंगे। इस वैश्विक महामारी से निपटने के लिए लोगों का घरों में रहना बेहद जरूरी है। कोरोना वायरस के संक्रमण से लोगों के जीवन की सुरक्षा के लिए प्रदेशभर में आवश्यक सेवाओं को छोड़कर 22 मार्च से 31 मार्च तक पूरी तरह लॉक डाउन के निर्देश दिए हैं।
0 टिप्पणियाँ