ब्लैक डे पर शहीदों को श्रद्धांजलि एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का किया आयोजन
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। नव पंख संस्था द्वारा राजकीय विद्यालय परिसर में ‘ब्लैक डे’ के अवसर पर देश के वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। यह दिन राष्ट्र के उन अमर वीरों की स्मृति में मनाया गया जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा हेतु अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दो मिनट के मौन एवं पुष्पांजलि अर्पण के साथ किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों एवं संस्था सदस्यों द्वारा शहीदों की स्मृति में श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। संस्था द्वारा विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ मिलकर जिसमें बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत नारे लगाते हुए राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। शहीदों के बलिदान को स्मरण करते हुए देशभक्ति एवं एकता का संदेश समाज तक पहुँचाया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करने हेतु विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें —
पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता,रंगोली प्रतियोगिता,कविता पाठ,देशभक्ति गीत (सिंगिंग प्रतियोगिता) शामिल थीं। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने कला कौशल के माध्यम से शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त किया। पोस्टरों एवं रंगोली में देशभक्ति, वीरता और बलिदान के प्रेरणादायक संदेश झलकते दिखाई दिए। कविता एवं गीतों के माध्यम से वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।
कार्यक्रम के अंत में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों का उत्साह और बढ़ा।
संस्था के प्रभारी श्री नितिन उप्पल ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि 14 फरवरी का दिन हमें शहीदों के त्याग, साहस और समर्पण की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि हमें अपने जीवन में अनुशासन, देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा को अपनाते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने बच्चों को प्रेरित किया कि वे अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें और देश का नाम रोशन करें।
विद्यालय प्रशासन ने भी नव पंख संस्था के इस सार्थक प्रयास की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा व्यक्त की।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक एवं शिक्षाप्रद सिद्ध हुआ।
कार्यकर्ता मनिंदर कौर, मयंक चावला, नितिन उप्पल, प्रकाश चंद शर्मा, आशी दुआ, सौरभ जैन, संगीता भाटी, शीतल शर्मा सदस्य कार्यक्रम में उपस्थित रहें और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया।

0 टिप्पणियाँ