माकड़वाली गांव में पुलिस चौकी खुलने की बजट घोषणा पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी का ग्रामवासियों ने जताया आभार
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। राजस्थान सरकार द्वारा बजट वर्ष 2026-27 में माकड़वाली ग्राम में पुलिस चौकी स्थापित करने की घोषणा पर ग्रामवासियों में हर्ष और संतोष का वातावरण व्याप्त है। इस क्रम में ग्रामवासियों द्वारा रविवार को सामूहिक रूप से विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
इस निर्णय से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ होगी, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा तथा आमजन को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध होने से सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत होगी।
माकड़वाली जैसे बढ़ते आबादी वाले ग्रामीण क्षेत्र में लंबे समय से पुलिस चौकी की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसे विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने राज्य सरकार के समक्ष प्रभावी रूप से उठाकर बजट में शामिल करवाया। इसके परिणामस्वरूप अब गांव एवं आसपास के क्षेत्र के लोगों को न्याय, सुरक्षा एवं प्रशासनिक सहयोग के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि हरि गुर्जर, दरियाव सिंह राठौड़, ओमप्रकाश गुर्जर, राम गुर्जर, रामनिवास प्रजापत, रिकेश वैष्णव सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ