Ticker

6/recent/ticker-posts

खेल और शिक्षा साथ-साथ जरूरी : डॉ. गरिमा नरूला

खेल और शिक्षा साथ-साथ जरूरी : डॉ. गरिमा नरूला

खेल और शिक्षा साथ-साथ जरूरी : डॉ. गरिमा नरूला

एमडीएस विश्वविद्यालय खेल प्रतियोगिताओं का समापन

एमडीएस विश्वविद्यालय की 38वीं अंतर महाविद्यालयीय खेल प्रतियोगिताओं का भव्य समापन, खो-खो में डीएवी कॉलेज विजेता

अजमेर (अजमेर मुस्कान)। महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर की 38वीं अंतर महाविद्यालयीय “जयघोष” खेल प्रतियोगिताओं का भव्य समापन महिला खो-खो के रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। प्रतियोगिता के समापन समारोह की मुख्य अतिथि अजमेर की एसडीएम डॉ. गरिमा नरूला आईएएस तथा समारोह की अध्यक्षता एमडीएस विश्वविद्यालय स्पोर्ट्स बोर्ड के चेयरमैन डॉ. अनिल कुमार दाधीच ने की।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. गरिमा नरूला ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना सिखाते हैं तथा युवाओं को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

समारोह की अध्यक्षता करते हुए डॉ. अनिल कुमार दाधीच ने कहा कि विश्वविद्यालय की 38 वर्षों की खेल परंपरा निरंतर विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान कर रही है। उन्होंने विशेष रूप से महिला खिलाड़ियों के उत्साह और साहस की सराहना करते हुए कहा कि प्रतियोगिताओं की शुरुआत महिला कबड्डी से हुई और समापन भी महिला खो-खो से हुआ, जो महिला सशक्तिकरण का प्रतीक है। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे खेल के साथ-साथ पढ़ाई में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और समाज का नाम रोशन करें। विश्वविद्यालय के कुलसचिव कैलाश चन्द्र शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि आज जिस उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दोनों टीमों द्वारा  दिया गया  है, उसे और बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर मेहनत करें और अपने महाविद्यालय, विश्वविद्यालय, अपने परिवार तथा अपने शहर का नाम उज्ज्वल करें। खेल हमें चपलता, टीम वर्क, अनुशासन और आत्मविश्वास सिखाते हैं। आपने इन सभी गुणों का अद्भुत प्रदर्शन किया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि  विश्वविद्यालय के विद्यार्थी  इसी आत्मविश्वास और समर्पण के साथ आगे भी अपने खेल कौशल को निरंतर विकसित करते रहेंगे  खेलों में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण यह है कि हमने उसे कितनी निष्ठा, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ खेला है। अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. सुभाष चन्द्र ने स्वागत भाषण में बताया कि आज 38वी अन्तर महाविद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन महिला खो-खो प्रतियोगिता के साथ हुआ है, एवं इसकी शुरुआत महिला कब्बड़ी प्रतियोगिता के साथ हुई थी, जो कि एक सुखद संयोग है ।


प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में डीएवी कॉलेज, अजमेर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शाहपुरा कॉलेज को पराजित कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। विजेता एवं उपविजेता टीमों को अतिथियों द्वारा ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार कैलाश चंद्र शर्मा, प्राचार्य DAV डॉ. लक्ष्मीकांत, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. सुभाष चंद्र, स्पोर्ट्स बोर्ड के सचिव डॉ. तपेश्वर कुमार, डॉ संजय तोमर, ऑब्जर्वर डॉ. विष्णु परमार, सोफिया कॉलेज से  साइना शेरानी , प्रो. मनोज यादव, डॉ. कुलदीप शेखावत, डॉ. विष्णु परमार, डॉ लारा शर्मा आदि उपस्थित थे |

समारोह में विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों से आए खिलाड़ियों, कोच, रेफरी, स्वयंसेवकों तथा आयोजन समिति के सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। आयोजन के सफल संचालन के लिए विश्वविद्यालय स्पोर्ट्स बोर्ड की टीम को विशेष रूप से सराहा गया।

अंत में आयोजकों ने सभी सहभागी महाविद्यालयों, खिलाड़ियों, कोच, रेफरी और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इनके सहयोग से ही यह खेल प्रतियोगिताएं सफलतापूर्वक संपन्न हो सकीं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ