पीएनजी के कनेक्शन की बढ़ाएं गति
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। जिले में पीएनजी कनेक्शन की गति बढ़ाने के लिए जिला कलक्टर लोक बन्धु ने सोमवार को आयोजित बैठक में निर्देश प्रदान किए।
जिला कलक्टर लोक बन्धु ने कहा कि उपभोक्ताओं के लिए पीएनजी एलपीजी की तुलना में अधिक लाभप्रद है। भारत में पीएनजी के घरेलू भंडार अधिक हैं। यह भू-राजनीतिक गड़बड़ी से कम प्रभावित होता है। यह चौबीसों घण्टे सातों दिन उपलब्ध है। सिलेंडर बुक करने या डिलीवरी का इंतजार करने की जरूरत नहीं है। पीएनजी, एलपीजी की तुलना में 7 से 17 प्रतिशत तक सस्ता है। उपभोक्ता को केवल उतनी ही गैस का पैसा देना होता है जितनी उपयोग की गई है, न कि पूरे सिलेंडर का पैसा पहले देना पड़ता है। कम गर्मी की तीव्रता के कारण इसमें पके भोजन का पोषण मूल्य बेहतर रहता है। मौजूदा एलपीजी चूल्हों को मामूली खर्च पर पीएनजी के लिए बदला जा सकता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में कंपनी द्वारा नेटर्वक विस्तार के लिए रोड़ कटिंग संबंधी मांगी गई अनुमतियां जारी की गई है। कंपनी को तत्काल प्रभाव से कार्य आरम्भ करना चाहिए। आवश्यक अवसंरचना तैयार होते ही तत्काल कनेक्शन जारी करने चाहिए। अधिकाधिक संख्या में एलपीजी उपभोक्ता पीएनजी हेतु आवेदन करें। इसके लिए उपभोक्ताओं में जागरूकता लाई जाए।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी वर्तमान व्यावसायिक एवं औद्योगिक उपभोगताओं से अपील की गई है कि वे सभी पीएनजी (पाईप्ड नेचुरल गैस) के लिए अविलम्ब आवेदन करें। रसद विभाग द्वारा इन उपभोक्ताओं को चिह्नित कर व्यक्तिगत सम्पर्क किया जाए। आवेदन के बाद ऐसे उपभोक्ताओं को सरकार के निर्देशानुसार व्यावसायिक गैस सिलेण्डरी की आपूर्ति में प्राथमिकता दी जाएगी। इन्द्रप्रस्थ गैस लिमिटेड के द्वारा वर्तमान में अजमेर जिले में अजमेर शहर, किशनगढ़ शहर, केकड़ी में 10 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को पीएनजी की आपूर्ति की जा रही है। इसके अतिरिक्त पाईप लाईन कर विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नियंत्रण कक्ष तथा सम्पर्क पोर्टल के माध्यम से आने वाली शिकायतों का निस्तारण तत्काल करावें। जिले में घरेलु रसोई गैस, पेट्रोेल एवं डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है। इसके लिए पैनिक होने की आवश्यकता नहीं है। आगे से लगातार सप्लाई जारी है। प्रशासनिक अधिकारी अपने क्षेत्र की गैस एजेन्सियों एवं पेट्रोल पम्पों की लगातार जांच करें। किसी प्रकार की अनियमतता पाए जाने पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
इस अवसर पर अजमेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त नित्या के., अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेन्द्र कुमार मीणा, जिला रसद अधिकारी मोनिका जाखड़ एवं नीरज जैन सहित कंपनी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ