Ticker

6/recent/ticker-posts

एमडीएसयू में नवाचार : कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक का आयोजन

एमडीएसयू में नवाचार : कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक का आयोजन

एमडीएसयू में नवाचार : कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक का आयोजन

सुरक्षा एवं स्वच्छता पर कोई समझौता नहीं


“छात्र सुरक्षा, कैंपस अनुशासन और आधारभूत सुविधाओं को लेकर व्यापक एक्शन प्लान”


अजमेर (अजमेर मुस्कान)। महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय अजमेर में कुलगुरु प्रो सुरेश कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित प्रशासनिक समीक्षा बैठक में विश्वविद्यालय परिसर की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण एवं समयबद्ध निर्णय लिए गए। बैठक में सुरक्षा, स्वच्छता, छात्रावास, पार्किंग, जैव-चिकित्सीय अपशिष्ट प्रबंधन तथा बंदर समस्या जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कुलगुरु प्रो अग्रवाल ने कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष चिंता व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि सभी सुरक्षा गार्डों की दैनिक ड्यूटी चार्ट अनिवार्य रूप से कुलगुरु सचिवालय एवं कुलसचिव कार्यालय में प्रस्तुत किया जाए तथा प्रत्येक गार्ड अपने निर्धारित स्थान पर उपस्थित रहे। अनधिकृत प्रवेश की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए निगरानी प्रणाली को और मजबूत करने पर जोर दिया गया। स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा के दौरान कर्मचारियों की कम उपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए कुलगुरु प्रो अग्रवाल ने बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली लागू करने तथा ठेकेदारों के भुगतान को वास्तविक उपस्थिति से जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही कैंपस में कचरा निस्तारण की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करने और लंबित सफाई कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने पर बल दिया गया। गार्गी छात्रावास की स्थिति पर चर्चा करते हुए यह निर्णय लिया गया कि सेप्टिक टैंक को तुरंत प्रभाव से निर्मित किया जाएगा। साथ ही छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बंदरों की समस्या से निपटने के लिए सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जैव-चिकित्सीय अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर विश्वविद्यालय में पहली बार व्यवस्थित प्रणाली लागू करने का निर्णय लिया गया, जिसके तहत HDPE लाइनिंग युक्त गहरे गड्ढे का निर्माण तथा प्रमुख स्थानों पर विशेष डस्टबिन स्थापित किए जाएंगे। इससे स्वास्थ्य सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित होगा। कैंपस में अव्यवस्थित पार्किंग पर नियंत्रण के लिए कुलगुरु ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े किए जाएं और इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी कर सख्ती से पालन कराया जाए। बॉटनिकल गार्डन के रखरखाव के लिए अतिरिक्त श्रमिक लगाने, पूरे परिसर में 15 दिवसीय विशेष स्वच्छता अभियान चलाने तथा वर्मी-कम्पोस्ट व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में फार्मेसी विभाग के आगामी निरीक्षण को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने तथा विभिन्न विभागों के समन्वय से व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने पर भी जोर दिया गया। बैठक के अंत मे कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता और जवाबदेही के साथ करें तथा निर्धारित समयसीमा में सभी कार्य पूर्ण कर विश्वविद्यालय को एक सुरक्षित, स्वच्छ और अनुशासित परिसर के रूप में स्थापित करें। बैठक में प्रोफेसर ऋतु माथुर वार्डन, गार्गी छात्रावास, प्रोफेसर अरविंद पारीक मुख्य कुलानुशासक, कैलाश चंद शर्मा कुलसचिव, डॉ. सूरजमल राव सहायक कुलसचिव, सामान्य प्रशासन,  इती, कुमावत कनिष्ठ अभियंता, राजेंद्र तिवारी उद्यान पर्यवेक्षक, सीताराम जोशी स्वच्छता सलाहकार तथा धन्नालाल मुख्य सुरक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ