विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने ली नगर निगम अधिकारियों की बैठक
अधिकारियों को दिए निर्देश, सफाई कर्मचारी हड़ताल का निकालें स्थाई तार्किक समाधान
आमजन को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए
रामसेतु के नीचे पार्किंग और डिवाइडर का काम जल्द पूरा करें
बारिश से पूर्व सभी छोटे बड़े नालों की सफाई पूरी हो जाए
अजमेर (अजमेर मुस्कान) विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शुक्रवार को नगर निगम अधिकारियों की बैठक लेकर शहर की सफाई व्यवस्था, वर्षा पूर्व तैयारियों तथा विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का स्थाई तार्किक एवं सकारात्मक समाधान शीघ्र निकाला जाए ताकि आमजन को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
बैठक में विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। किसी भी परिस्थिति में सफाई कार्य प्रभावित नहीं होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि स्थायी एवं अस्थायी सफाई कर्मचारियों के बीच बेहतर सामंजस्य स्थापित कर कार्यों का संचालन सुनिश्चित किया जाए। कर्मचारियों से संवाद बनाकर समस्याओं का व्यावहारिक समाधान निकाला जाए तथा शहर की नियमित सफाई व्यवस्था को बनाए रखा जाए। पहले भी दो बार हड़ताल हो चुकी है, आगे से ऎसा नहीं हो इसके लिए पूरी गंभीरता से प्रयास किए जाए।
उन्होंने आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए शहर के सभी छोटे-बड़े नालों की सफाई कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बारिश के दौरान किसी भी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति नहीं बननी चाहिए। संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखी जाए तथा जल निकासी व्यवस्था को मजबूत बनाया जाए ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। विधानसभा अध्यक्ष ने रामसेतु के नीचे पार्किंग एवं डिवाइडर निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा तथा आमजन को सुविधा मिलेगी। उन्होंने पुलिस लाइन नाला एवं केसरबाग पुलिया को ऊंचा करने संबंधी कार्यों की प्रगति की जानकारी ली तथा कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने सावित्री रोड से विजयलक्ष्मी पार्क तक नाले की सफाई एवं मरम्मत कार्य की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण करने पर जोर दिया। जयपुर रोड पर चल रहे सौन्दयकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि शहर की सुंदरता और सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था के लिए इन कार्यों का समय पर पूरा होना आवश्यक है। संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में लाइब्रेरी निर्माण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षा एवं बौद्धिक विकास से जुड़े ऎसे सार्वजनिक कार्य शहर के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शहर के विकास एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें ताकि आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें और शहर का समग्र विकास सुनिश्चित हो।
बैठक में निगम आयुक्त नित्या के. सहित तकनीकि अधिकारी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ