गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस पोर्टल के संबंध में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (जीईएम) पोर्टल के संबंध में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम रीट कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जीईएम पोर्टल के प्रभावी उपयोग तथा ऑनलाइन खरीद प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाना था।
प्रशिक्षण के दौरान कोषाधिकारी भागीरथ सिंह लाखावत एवं महानिरीक्षक मुद्रांक एवं पंजीयक से वित्तीय सलाहकार सूरज मोगा ने जीईएम पोर्टल की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह प्लेटफॉर्म सरकारी खरीद में पारदर्शिता, दक्षता एवं प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देता है।
इस अवसर पर राजस्थान जीईएम के रीजनल बिजनेस फैसिलिटेटर श्री विक्रांत त्रिपाठी ने प्रतिभागियों को पोर्टल की कार्यप्रणाली, पंजीयन प्रक्रिया, निविदा (बिडिंग) एवं ऑर्डर प्लेसमेंट की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
प्रशिक्षण में राजस्थान संवर्ग के लेखा कार्मिकों एवं अधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई तथा जीईएम पोर्टल के उपयोग के प्रति सकारात्मक रुझान व्यक्त किया। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के वित्तीय सलाहकार के.पी. सिंह जी व जेएलएन मेडिकल कॉलेज में मुख्य लेखाधिकारी पद्मिनी सिंह ने इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए बताया की इस प्रकार के प्रशिक्षण से सरकारी खरीद प्रणाली को अधिक पारदर्शी, त्वरित एवं प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त होगा।

0 टिप्पणियाँ