Ticker

6/recent/ticker-posts

जेएलएन मेडिकल कॉलेज में एंडोस्कोपिक थायरॉयडेक्टॉमी पर लाइव सर्जिकल वर्कशॉप आयोजित

जेएलएन मेडिकल कॉलेज में एंडोस्कोपिक थायरॉयडेक्टॉमी पर लाइव सर्जिकल वर्कशॉप आयोजित

जेएलएन मेडिकल कॉलेज में एंडोस्कोपिक थायरॉयडेक्टॉमी पर लाइव सर्जिकल वर्कशॉप आयोजित

अजमेर (अजमेर मुस्कान)। जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय अजमेर के ईएनटी एवं हेड-नेक सर्जरी विभाग द्वारा एंडोस्कोपिक थायरॉयडेक्टॉमी विषय पर एक दिवसीय लाइव सर्जिकल वर्कशॉप का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य थायरॉयड सर्जरी में आधुनिक न्यूनतम इनवेसिव तकनीकों तथा एक्सिलरी एवं ब्रेस्ट एप्रोच आधारित एंडोस्कोपिक सर्जरी का प्रशिक्षण प्रदान करना था।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ईएनटी सर्जनों, हेड-नेक सर्जनों, रेजिडेंट डॉक्टरों एवं पीजी विद्यार्थियों ने भाग लिया। लाइव सर्जरी के माध्यम से प्रतिभागियों को एंडोस्कोपिक थायरॉयडेक्टॉमी की नवीनतम तकनीकों, बेहतर कॉस्मेटिक परिणामों एवं मरीजों की शीघ्र रिकवरी से संबंधित जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के संरक्षक के रूप में प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. अनिल सामरिया तथा मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. अरविन्द खरे उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि संकाय एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. अंजनी शर्मा एवं महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज जयपुर के वरिष्ठ प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. तरूण ओझा ने अपने अनुभव साझा किए।

इस अवसर पर डॉ. अंजनी कुमार शर्मा एवं आयोजन सचिव डॉ. दिग्विजय सिंह रावत ने एंडोस्कोपिक थायरॉयड सर्जरी तकनीक का लाइव प्रदर्शन कर प्रतिभागियों को इसकी आधुनिक कार्यप्रणाली एवं सर्जिकल सूक्ष्मताओं की जानकारी दी।

डॉ. अनिल सामरिया ने बताया कि जेएलएन मेडिकल कॉलेज में अब एंडोस्कोपिक थायरॉयड सर्जरी की अत्याधुनिक सुविधा उपलब्ध हो गई है। इससे अजमेर संभाग सहित आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को स्थानीय स्तर पर आधुनिक एवं न्यूनतम इनवेसिव थायरॉयड सर्जरी सुविधा मिल सकेगी।

विभागाध्यक्ष डॉ. योगेश असरी ने थायरॉयड ग्रंथि के विभिन्न विकारों, समय पर जांच एवं आधुनिक उपचार पद्धतियों की जानकारी दी। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. विक्रांत कुमार शर्मा, डॉ. सुषमा एवं डॉ. राजकुमार भाटी का विशेष सहयोग रहा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ