साप्ताहिक समन्वय बैठक आयोजित
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। साप्ताहिक समन्वय बैठक अतिरिक्त जिला कलक्टर ज्योति ककवानी की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित हुई।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ज्योति ककवानी ने कहा कि सरकार ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशील है। इसके लिए सरकार द्वारा ग्राम विकास रथ अभियान चलाया जा रहा है। प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर इन विकास रथों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया जा रहा है। साथ ही मौके पर उपस्थित अधिकारियों द्वारा आम जन की समस्याओं का तत्काल निस्तारण भी हो रहा है। इसके अतिरिक्त सरकार ने सुझाव पेटिका की भी व्यवस्था की है। इसमें आमजन सरकार से सीधे संवाद कायम कर सकते हैं। वे अपनी बात लिखकर सरकार तक पहुंचा सकते हैं। इसमें समस्त अधिकारियों को पहुँचकर जनसुनवाई के माध्यम से ग्रामीणों को राहत प्रदान करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में गर्मी के दौरान शुद्ध पेयजल की सप्लाई सुनिश्चित होनी चाहिए। अन्तिम छोर तक पानी पहुँचने की अधिकारी फील्ड में जाकर जाँच करें। विभिन्न स्थानों पर पेयजल की गुणवता तथा पाईप लाईन की जांच करें। जिले में चलाए गए हेण्डपम्प मरम्मत अभियान के पश्चात खराब होने वाले हेण्डपम्पों को तुरन्त मरम्मत करें। विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का तत्काल निस्तारण करने के लिए अधिकारियों को पाबन्द किया। आवश्यकता होने पर टैंकर के माध्यम से पेयजल सप्लाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों का गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण करें। प्रकरणों को 30 दिन से पूर्व ही निस्तारित करने का प्रयास किया जाना चाहिए। सीपी ग्राम एवं जन सुनवाई के प्रकरणों की प्राथमिकता तय करें। औसत निस्तारण दिवस को कम करने के लिए कार्य योजना बनाएं। जिला स्तरीय अधिकारी प्रति सप्ताह 10-10 प्रकरणों की समीक्षा करेंगे। इसकी समीक्षा रिपोर्ट से जिला मुख्यालय को अवगत कराएंगे। असंतुष्ट श्रेणी के प्रकरणों की क्रॉस चैकिंग अन्य सक्षम अधिकारी से करवाई जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि फ्लैगशिप योजनाओं के लक्ष्यों को पूर्ण करने के लिए कार्य में तेजी लाई जानी चाहिए। इस माह से ही योजनाओं के लक्ष्य को पूर्ण करने के लिए कार्य करें। लक्ष्यों को मासिक आधार पर विभाजित करके कार्य करने से आसानी रहेगी। योजना के लक्षित समूह तक पहुंच बनाने के लिए जनजागरूकता बढ़ाएं। इसी प्रकार जनगणना-2027 का कार्य भी आरम्भ हो गया है। इसके लिए भी आवश्यक सहयोग प्रदान करें।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर वन्दना खोरवाल सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ