साप्ताहिक समन्वय बैठक आयोजित
जिला कलक्टर ने रोजगार उत्सव की तैयारियां पूर्ण करने के दिए निर्देश
अजमेर (अजमेर मुस्कान) । जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। इसमें रोजगार उत्सव की तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश प्रदान किए गए।
जिला कलक्टर लोक बन्धु ने कहा कि आगामी 4 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की राजस्थान यात्रा के दौरान रोजगार उत्सव के माध्यम से नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। इसके लिए शिक्षा विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है। अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री नरेन्द्र कुमार मीणा इस आयोजन के नोडल अधिकारी होंगे। इसके लिए जिला स्तरीय आयोजन समिति का गठन किया जाएगा। जिला स्तरीय रोजगार उत्सव का आयोजन जवाहर रंगमंच में होगा। इसमें युवाओं को नियुक्ति आदेश जारी किए जाएंगे। इसकी तैयारियां पूर्ण करें।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से व्यक्तियों को लाभान्वित करने का कार्य किया जा रहा है। इन शिविरों की उच्च स्तर से मॉनिटरिंग की जा रही है। इसके लिए समस्त जिला स्तरीय अधिकारी शिविरों के दौरान व्यवस्थाएं तथा सौंपे गए दायित्वों पर विशेष ध्यान देंगे। मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा सहित मंत्रीगण एवं उच्च अधिकारियों द्वारा इन शिविरों का औचक निरीक्षण किया जा सकता है। इसके अनुसार व्यवस्थाएं तैयार रखें। लाभार्थियों के नाम तथा मोबाइल नम्बर की सूचना पोर्टल पर अपलोड करें।
बैठक में जिला कलक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को पूरी संवेदनशीलता और टीम भावना के साथ ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों में आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन द्वारा नवाचार के रूप में इन शिविरों के साथ कुपोषित एवं अतिकुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार के लिए अभियान चलाया जा रहा है। जिले के समस्त कुपोषित एवं अतिकुपोषित श्रेणी के बच्चों की चिकित्सा विभाग द्वारा जाँच की जाएगी। जाँच के उपरान्त आवश्याकतानुसार उपचार एवं पोषण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आवश्यकता होने पर उच्च चिकित्सा संस्थान में रेफर करें।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समस्त हैण्डपम्प कार्यशील होने चाहिए। ग्रामीण एवं शहरी शिविरों के दौरान अधिकतम पेयजल के नमूनों की जाँच करें। वन भूमि को अमल दरामद करने की कार्यवाही करें। बिजली के झूलते तारों को ठीक कराएं। टीकाकरण तथा स्क्रीनिंग की सूचना अपलोड की जाए। राजकीय विद्यालयों पर से गुजरने वाली हाई टेंशन लाइनों को सर्वे कराकर नियमानुसार निःशुल्क हटवाएं। कृषि विभाग द्वारा योजनाओं की जानकारी आगन्तुकों को दी जानी चाहिए।
जिला कलक्टर लोक बन्धु ने कहा कि फ्लैगशिप योजनाओं के लक्ष्यों को पूर्ण करने के लिए कार्य में तेजी लाई जानी चाहिए। इस माह से ही योजनाओं के लक्ष्य को पूर्ण करने के लिए कार्य करें। लक्ष्यों को मासिक आधार पर विभाजित करके कार्य करने से आसानी रहेगी। योजना के लक्षित समूह तक पहुंच बनाने के लिए जनजागरूकता बढ़ाएं।
उन्होंने कहा कि सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों का गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण करें। प्रकरणों को 30 दिन से पूर्व ही निस्तारित करने का प्रयास किया जाना चाहिए। सीपी ग्राम एवं जन सुनवाई के प्रकरणों की प्राथमिकता तय करें। औसत निस्तारण दिवस को कम करने के लिए कार्य योजना बनाएं। शिविर स्थल क्षेत्र के समस्त प्रकरण शिविर से पहले निस्तारित होने चाहिए। असंतुष्ट श्रेणी के प्रकरणों पर विशेष ध्यान दें।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. अभिषेक गोयल, वन्दना खोरवाल एवं नरेन्द्र कुमार मीणा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ