आनासागर चौपाटी पर गूंजा फिटनेस का संदेश, 100वीं ‘संडेज ऑन साइकिल’ रैली में युवाओं ने लिया उत्साहपूर्वक भाग
सेठा सिंह रावत ने दिखाई हरी झंडी, वीर शिवाजी युवा मंडल, टीने रन क्लब एवं CRPF के जवानों ने साइकिल चलाकर दिया स्वस्थ जीवनशैली का संदेश
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मेरा युवा भारत (MY Bharat), अजमेर द्वारा रविवार को फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत Fit India Sundays on Cycle की 100वीं ऐतिहासिक कड़ी के अवसर पर पुरानी आनासागर चौपाटी पर साइकिल रैली का आयोजन किया गया।
रैली को यूथ आइकॉन, उद्यमी एवं Darji Online के संस्थापक सेठा सिंह रावत ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को नियमित शारीरिक गतिविधियों, खेल एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
जिला युवा अधिकारी अजमेर जयेश मीना ने बताया कि यह आयोजन #IndiaReady4Olympics अभियान के संदेश के साथ देश की ओलंपिक आकांक्षाओं और खेल संस्कृति के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित करता है। साथ ही यह आयोजन नशा मुक्त युवा – विकसित भारत अभियान के अंतर्गत युवाओं को स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण रहा।
साइकिल रैली में वीर शिवाजी युवा मंडल के मृगेश वशिष्ठ एवं सारा शर्मा के नेतृत्व में युवाओं, टीने रन क्लब के राजवीर सिंह एवं हुसैन अख्तर के नेतृत्व में सदस्यों तथा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। माय भारत अजमेर से लेखा एवं कार्यक्रम सहायक श्री मुरारी लाल, अजमेर साइक्लिंग क्लब से श्रीमती पुष्पा क्षेत्रपाल व जगदीश नारायण विजयवर्गीय ने सहभागिता दी ।
रैली पुरानी आनासागर चौपाटी से प्रारंभ होकर वैशाली नगर पेट्रोल पंप तक गई तथा पुनः चौपाटी पर संपन्न हुई। प्रतिभागियों ने साइकिलिंग के माध्यम से फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

0 टिप्पणियाँ