घर-परिवार और दैनिक व्यवहार में संस्कृत संवाद हो तो नई पीढ़ी अपनी जड़ों से जुड़ेगी : अमिता पृथ्वी
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। संस्कृत को केवल पढ़ने-पढ़ाने या परीक्षा के विषय तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन, पारिवारिक व्यवहार और बोलचाल का सहज हिस्सा बनाना समय की आवश्यकता है। जब घरों में संस्कृत के छोटे-छोटे संवाद शुरू होंगे, तब नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक जड़ों और भारतीय ज्ञान परंपरा से स्वाभाविक रूप से जुड़ सकेगी। और इस सबकी जिम्मेदारी संस्कृत भारती और संस्कृत के छात्र और अध्यापकों की ही नहीं अपितु प्रत्येक भारतीय की है। उक्त विचार अजमेर के रामगंज में स्थित विद्यालय में चेन्नई तमिलनाडु से एक दिन के प्रवास पर अजमेर पधारीं संस्कृतभारती की अखिल भारतीय उपाध्यक्ष अमृता पृथ्वी ने संस्कृत भारती अजमेर विभाग की बैठक के दौरान व्यक्त किए।
बैठक में अजमेर विभाग के अंतर्गत आने वाले विभिन्न जनपदों में संस्कृत के प्रचार-प्रसार की वर्तमान स्थिति और भावी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने इस बात पर मंथन किया कि जनपद स्तर पर संस्कृत का प्रसार किस प्रकार अधिक प्रभावी और व्यापक बनाया जा सकता है। इसके लिए साप्ताहिक मिलन, संभाषण शिविरम्, जनपदगोष्ठी तथा प्रशिक्षण वर्गों के माध्यम से कार्यकर्ताओं और नागरिकों को जोड़ने और उन्हें सक्रिय बनाने की कार्ययोजना पर जोर दिया गया। महिला बैठक में भी परिवार में संस्कारों के निर्माण और मातृशक्ति की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए अखिल भारतीय उपाध्यक्ष ने कहा कि घर पर महिलाएं प्रतिदिन एक कार्य संस्कृत में करने का संकल्प लें। भोजन के समय संस्कृत वाक्यों का प्रयोग अथवा दैनिक गतिविधि का एक भाग संस्कृतमय हो। गोष्ठी में इस विषय पर विमर्श हुआ कि परिवार संस्कारों की पहली पाठशाला है और माता बालक की प्रथम गुरु होती है। मातृशक्ति के सहयोग से स्थानीय और अन्य भाषाओं के साथ-साथ घर-परिवार में संस्कृत के व्यावहारिक प्रयोग को बढ़ावा दिया जा सकता है। साथ ही भारतीय ज्ञान परंपरा, भाषा संरक्षण और संगठन विस्तार जैसे विषयों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में अमृता पृथ्वी के साथ संस्कृत भारती के राजस्थान क्षेत्र संघटन मंत्री कमल शर्मा, क्षेत्र पत्राचार द्वारा संस्कृत योजना प्रमुख परमानन्द शर्मा, चित्तौड़ प्रांत अध्यक्ष महेश शर्मा प्रांत मंत्री मधुसूदन शर्मा संघटन के हिम्मत सिंह, गोपाल दत्त, महेंद्र मेघवंशी, रीना चौधरी, अनुराधा शर्मा, सीताराम शर्मा, वरुण सेन, शिवराज माली, देवराज कुमावत, अखिलेश जोशी, राकेश माली, शशिकांत शर्मा, प्रकाश कुम्हार सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ