सिंधी लोक उत्सव : प्रो. राम पंजवानी विषय पर संगोष्ठी का आयोजन
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। राष्ट्रीय सिंधी भाषा विकास परिषद, नई दिल्ली शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार एवं झूलेलाल सिंधी सेंट्रल पंचायत समिति अजमेर के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार, 20 नवंबर को सिंधी साहित्यकार एवं कलाकार पद्मा श्री प्रो. राम पंजवानी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन थारवानी एंड गुरनानी फाउंडेशन कार्यालय, टीएंडजी टावर, पंचशील नगर, अजमेर में किया गया। संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य प्रो. राम पंजवानी के साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक योगदान को याद करना तथा नई पीढ़ी को सिंधी भाषा, साहित्य और संस्कृति से परिचित कराना रहा।
इस अवसर पर वक्ताओं ने प्रो. राम पंजवानी के जीवन, साहित्य, संगीत एवं सिंधी संस्कृति के संरक्षण में उनके अतुलनीय योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रो. पंजवानी का व्यक्तित्व और उनकी रचनाएं सिंधी समाज की सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. कमला गोकलानी की गरिमामयी उपस्थिति रही। संगोष्ठी में मुख्य वक्ता के रूप में घनश्याम ठारवानी भगत ने अपने विचार व्यक्त करते हुए प्रो. राम पंजवानी के बहुआयामी व्यक्तित्व, उनके साहित्यिक एवं सांस्कृतिक योगदान तथा सिंधी भाषा के संरक्षण और संवर्धन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रो. राम पंजवानी का जीवन और उनके कार्य सिंधी समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे। प्रेम प्रकाश आश्रम के संत रामप्रकाश ने अपने आशीर्वचन में कहा कि समाज में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए सिंधी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति के संरक्षण और प्रचार-प्रसार के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है। कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्यजनों ने ऐसे आयोजनों को नई पीढ़ी को अपनी मातृभाषा और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। 4 वर्ष के सक्षम ठकुर ने सिंधी कविता पेश की। कार्यक्रम में सिंधी भाषा एवं संस्कृति के प्रचार-प्रसार, संरक्षण तथा आने वाली पीढ़ियों तक अपनी सांस्कृतिक धरोहर पहुंचाने का संकल्प भी व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ इष्ट देव भगवान झूलेलाल के चित्र व प्रोफेसर राम पंजवानी के समक्ष ज्योत जलाकर माल्यार्पण करके किया गया। झूलेलाल सिंधी सेंट्रल पंचायत समिति, अजमेर के अध्यक्ष राजा डी. थारवानी ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को अपनी भाषा, साहित्य और संस्कृति से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
इस अवसर पर पार्षद रमेश चेलानी, पूर्व प्रशासनिक अधिकारी सुरेश सिंधी, संत नारायण दास, समाजसेवी विजय शाहनी, प्रहलाद करमवाणी, एमटी वाधवानी, आत्म प्रकाश उदासी, किशन चेलानी, महेश जैनानी, कैलाश केसवानी, खुशी मिरचंदानी, मीनाक्षी आदि सभी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया अंत में सभी को अल्पाहार वितरित किया गया।


0 टिप्पणियाँ