विवाद एवं शिकायत निवारण तंत्र के तहत गठित जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित
औद्योगिक क्षेत्रों में हो आधारभूत सुविधाएं - जिला कलक्टर
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में बुधवार को विवाद एवं शिकायत निवारण तंत्र के तहत गठित जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न औद्योगिक संगठनों, औद्योगिक इकाइयों एवं विभागों से प्राप्त समस्याओं, लंबित प्रकरणों तथा औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं से जुड़े बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा कर संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिला कलक्टर लोक बंधु ने कहा कि औद्योगिक विकास जिले की आर्थिक प्रगति का महत्वपूर्ण आधार है तथा उद्योगों को सुगम एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि औद्योगिक क्षेत्रों में पानी, बिजली, सड़क, सीवरेज, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट एवं सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए तथा उद्योगों से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए।
बैठक में रीको औद्योगिक क्षेत्र पालरा विस्तार से संबंधित प्रकरण की समीक्षा करते हुए जानकारी दी गई कि एमएसएमई इकाइयों को प्रत्यक्ष आवंटन योजना के तहत भूखंड आवंटन की प्रक्रिया प्रगति पर है तथा अब तक किए आवंटन की समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने रीको अधिकारियों को निर्देश दिए कि औद्योगिक क्षेत्र विस्तार से संबंधित शेष कार्यवाही में प्रगति बढ़ाई जाए।
इसी प्रकार औद्योगिक क्षेत्र विस्तार के संबंध में भूमि आवंटन के लिए अजमेर विकास प्राधिकरण द्वारा प्रस्ताव तैयार करने एवं अग्रिम कार्यवाही त्वरित करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों को आवश्यक समन्वय स्थापित कर प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों के विस्तार से जिले में निवेश बढ़ेगा तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। बैठक में पुष्कर उपखंड क्षेत्र में प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई।
बैठक में औद्योगिक क्षेत्र पालरा में पुलिस चौकी स्थापना के प्रस्ताव, औद्योगिक क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति एवं ट्रिपिंग की समस्या, किशनगढ़ औद्योगिक क्षेत्र में पानी की उपलब्धता, रोड कटिंग, सीवरेज व्यवस्था, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट तथा अतिक्रमण एवं अवैध गतिविधियों से संबंधित शिकायतों की विस्तार से समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि औद्योगिक क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण कर समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा उद्यमियों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि औद्योगिक इकाइयों को समय पर विद्युत बिल उपलब्ध कराए जाएं तथा रखरखाव अथवा विद्युत कटौती की सूचना पूर्व में दी जाए। उद्योगों के संचालन पर अनावश्यक प्रभाव नहीं पड़े। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग एवं संबंधित एजेंसियों को निर्देशित किया गया कि पेयजल आपूर्ति संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
नगर निगम से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने औद्योगिक क्षेत्रों में साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने, सीवरेज तंत्र को व्यवस्थित बनाए रखने तथा रोड लाइट एवं अन्य नगरीय सुविधाओं में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित औद्योगिक वातावरण निवेश आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। बैठक में विभिन्न औद्योगिक संगठनों एवं उद्यमियों द्वारा प्रस्तुत शिकायतों एवं सुझावों पर विभागवार चर्चा कर आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा आगामी बैठक से पूर्व अधिकतम मामलों का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अजमेर विकास प्राधिकरण की उपायुक्त निशा सहारण , जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र के प्रबंधक धर्मेंद्र शर्मा , नगर निगम, विद्युत विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, जिला लघु उद्योग संघ के अध्यक्ष राजेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ