विदाई नहीं, विभाग का विस्तार है विद्यार्थी : प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल
एमडीएसयू के वनस्पति विज्ञान विभाग में कॉफी टेबल बुक का विमोचन और मशरूम संग्रहालय का उद्घाटन
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय अजमेर के वनस्पति विज्ञान विभाग में आज भव्य विदाई समारोह, शैक्षणिक उपलब्धियों के उत्सव एवं नवाचार आधारित कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल रहे। इस अवसर पर कुलगुरु ने विभाग द्वारा तैयार की गई विशेष कॉफी टेबल बुक “The Secret World of Campus Mushroom” का विमोचन, विभागीय समाचार पत्रिका “संभवन” का लोकार्पण तथा नवनिर्मित मशरूम संग्रहालय का विधिवत उद्घाटन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलगुरु प्रो. अग्रवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय के विभागों में रचनात्मकता, शोध एवं आलोचनात्मक चिंतन विद्यार्थियों के समग्र विकास का आधार हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे शोध एवं दस्तावेजीकरण के प्रयास विज्ञान को समाज के और अधिक निकट लाते हैं। कुलगुरु ने विदाई ले रहे विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह विदाई नहीं बल्कि “विभाग का विस्तार” है। उन्होंने विद्यार्थियों से विश्वविद्यालय की गरिमा और मूल्यों को जीवनभर साथ लेकर चलने तथा विश्वविद्यालय के सच्चे ब्रांड एम्बेसडर बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जहाँ भी जाएँ, वहाँ एमडीएसयू की उत्कृष्ट परंपराओं और संस्कारों की पहचान बनें तथा भविष्य में भी विश्वविद्यालय से जुड़े रहें।
अपने उद्बोधन में प्रो. अग्रवाल ने प्रकृति से सहयोग और सहअस्तित्व का संदेश भी दिया। उन्होंने मशरूम के उदाहरण से समझाया कि प्रकृति का प्रत्येक जीव पर्यावरणीय संतुलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। मशरूम जैव अपघटक के रूप में धरती को स्वच्छ बनाए रखने के साथ-साथ वृक्षों के साथ सहजीवी संबंध स्थापित कर सहयोग और सामंजस्य की अद्भुत संस्कृति प्रस्तुत करते हैं। उन्होंने कहा कि मानव समाज को भी प्रकृति से सहयोग, समन्वय और सहभागिता की सीख लेनी चाहिए।
विभागाध्यक्ष प्रो. अरविंद पारीक ने स्वागत भाषण देते हुए विभाग की शैक्षणिक यात्रा, जैव विविधता संरक्षण एवं शोध गतिविधियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि “The Secret World of Campus Mushroom” विश्वविद्यालय परिसर में पाई जाने वाली 70 से अधिक खाद्य, औषधीय, विषैली एवं मनोप्रभावी मशरूम प्रजातियों का वैज्ञानिक एवं आकर्षक दस्तावेज है, जो शोधार्थियों एवं प्रकृति प्रेमियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने बताया कि विभागीय समाचार पत्रिका “संभवन” विभाग की शोध गतिविधियों, फील्ड विजिट और विद्यार्थियों के नवाचारों को साझा मंच प्रदान करेगी। वहीं नवस्थापित मशरूम संग्रहालय विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान एवं जैव विविधता के अध्ययन के लिए प्रेरित करेगा।
इस अवसर पर प्रो. सुब्रतो दत्ता, प्रो. आशीष भटनागर, प्रो. मोनिका भटनागर, प्रो. शिव प्रसाद, प्रो. सुभाष चंद्र, प्रो. प्रवीण माथुर, प्रो. ऋतु माथुर, डॉ. आशीष पारीक, डॉ. राजू शर्मा, डॉ. अश्वनी तिवारी सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक, शोधार्थी, विद्यार्थी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ