नर्सिंग स्टाफ स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ : प्रो. अग्रवाल
अंतरराष्ट्रीय नर्सिंग दिवस पर नर्सिंग कर्मियों का सम्मान, गर्मी से बचाव पोस्टर का विमोचन
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय के धन्वंतरि आरोग्य केंद्र द्वारा अंतरराष्ट्रीय नर्सिंग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल ने नर्सिंग कर्मियों को स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ बताते हुए उनके सेवा, समर्पण एवं त्याग को नमन किया। उन्होंने कहा कि नर्सें केवल उपचार ही नहीं, बल्कि मरीजों को मानसिक संबल भी प्रदान करती हैं।
कार्यक्रम में कुलगुरु ने जगदीश कच्छावा, सुंदरकुमार, दीपिका रावत, मनीषा सोनी एवं सूरज रावत का माला पहनाकर एवं उपहार भेंट कर सम्मान किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नर्सिंग केवल पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का पवित्र संकल्प है।
भीषण गर्मी को देखते हुए कुलगुरु ने धन्वंतरि आरोग्य केंद्र द्वारा तैयार जागरूकता पोस्टर "गर्मी से करे बचाव, याद रखे ये सुझाव" का विमोचन भी किया। यह पोस्टर विश्वविद्यालय के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर लगाए जाएंगे।
कार्यक्रम में वैद्य चंद्रकांत चतुर्वेदी, डॉ. अशोक गुप्ता, डॉ. पीके माथुर, डॉ. नितिन शर्मा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयोजन एवं आभार स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. राजू शर्मा ने व्यक्त किया।

0 टिप्पणियाँ