भीलवाड़ा (मूलचन्द पेसवानी)। भीलवाड़ा शहर में प्रशासन द्वारा 3 अप्रैल से महा कर्फ्यू (लॉकडाउन) की घोषणा के बाद हरीशेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर के महामण्डलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन ने सेवादारियों के साथ चर्चा करके ये निर्णय लिया कि समाज का कमजोर व निराश्रित वर्ग अन्न के लिए परेशान ना रहे और कोई भी भूखा ना रहे, इसलिए उनके लिए सूखे अनाज की सामग्री की व्यवस्था की जाए।
इसी क्रम में हरीशेवा धर्मशाला, हंसगंगा हरीशेवा चेरिटेबल ट्रस्ट, सेवा विभाग, संघ एवं सेवा भारती द्वारा 1500 पैकेट सूखी सामग्री जिसमें आटा, नमक, मिर्ची, चीनी व अचार है, बना कर जरूरतमंदो को वितरित किये जाने का फैसला लिया गया।
महामण्डलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन ने कार्यकर्ताओं से अनुरोध किया कि समय क्योंकि 2 ही दिन का शेष है, इसके लिए कल यानि 1.4.2020 तक ये पैकेट समस्त घरों तक पहुँच जाए, ऐसा सुनिश्चित करना अति आवश्यक है। साथ ही यह भी ध्यान रखने को कहा कि अपने घरो के आस-पास रहने वालो का भी ध्यान रखें कि कोई भूख न रहे और अपने बनाए हुए भोजन में से जरूरतमंदो के साथ भोजन मिल बाँट कर खाएँ। उन्होंने ये विश्वास जताया कि परमात्मा इस विपदा को शीघ्र ही दूर करेंगे। इस पुनीत कार्य में शहरवासियों का भी बिना माँगे भरपूर सहयोग मिल रहा है। प्रशासन, सेवादारी व सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे है।
महामण्डलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन के अनुसार सुख चाहो तो सेवा करो के मूल मंत्र पर अमल करने का सभी के लिए यही समय है, जब हम सब तन मन धन से समाज में जो भी जरूरतमंद है उनकी मदद करें और साथ ही प्रशासन द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करके अपने-अपने घरों में ही रहें ताकि कोरोना वायरस की महामारी को जल्द ही दूर किया जा सके तथा ध्यान रखें कि अपने पड़ोस में कोई भूखा ना सोये, पड़ोस का ख्याल रखे।
0 टिप्पणियाँ