जिला कलक्टर ने वीसी के माध्यम से की समीक्षा
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। जिला कलक्टर लोक बन्धु द्वारा विभिन्न बिन्दुओं की पालना तथा कार्ययोजना की प्रगति की समीक्षा शनिवार को वीसी के माध्यम से की गई।
जिला कलक्टर लोक बन्धु ने कहा कि ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम) 2026 का आयोजन किसानों तक नवीन तकनीकों तथा नवाचारों को पहुंचाने के लिए किया जा रहा है। जिले के अधिकतम किसानों को इनका लाभ मिलना चाहिए। इसके लिए किसानों एवं पशुपालकों को ग्राम 2026 में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें। इस प्रकार के इच्छुक किसानों का पंजीकरण करवाया जाना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जिले में जन जागरूकता रथ (विकास रथ) चलाए जाएंगे। जिला स्तर से इस अभियान की निगरानी की जाएगी। ब्लॉक स्तर पर संबंधित उपखंड अधिकारियों को नोडल अधिकारी, संबंधित तहसीलदार एवं संबंधित ब्लॉक विकास अधिकारी अथवा संबंधित स्थानीय निकाय के अधिशाषी अधिकारी को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसका रूट चार्ट उपखण्ड अधिकारी 15 अप्रेल तक भिजवाएं। समस्त राजस्व ग्रामों में ये रथ पहुंचेंगे। प्रत्येक विधानसभा में 15 दिन के अनुसार विकास रथ का भ्रमण हो। प्रतिदिन सांस्कृतिक चौपाल का आयोजन होगा। उन्होंने बैठक में धरती माता बचाओ अभियान की गतिविधियों की समीक्षा भी की। इसमें सहभागिता बढ़ाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि रविवार 12 अप्रैल को संविधान को जानें विषय पर ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता का शुभारंभ होगा। जो 14 अप्रैल तक अनवरत चलेगी। उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के समन्वय से आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में महाविद्यालयों और विद्यालयों के अधिकतम विद्यार्थी भाग लें। सोमवार 13 अप्रैल का दिन स्वच्छता एवं सामाजिक समरसता को समर्पित रहेगा। इस दिन जिले के छात्रवासों, आवासीय विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में डॉ. भीमराव अम्बेडकर के जीवन वृत्त पर व्याख्यान और संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा बाबा साहेब के सामाजिक न्याय दर्शन पर आधारित विशेष चर्चाएं आयोजित की जाए। साथ ही परिसरों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
जिला कलक्टर ने कहा कि अम्बेडकर जयन्ती समारोह का कार्यक्रम जिला एवं ब्लॉक स्तर पर होंगे। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भाग लेने के लिए भी व्यक्तियों को प्रेरित किया जाए। भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर राज्य सरकार के निर्देशानुसार अजमेर जिले में 14 अप्रैल तक चार दिवसीय भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा इन कार्यक्रमों के सफल संपादन के लिए सभी संबंधित विभागों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। आयोजन का मुख्य उद्देश्य बाबा साहेब के सामाजिक न्याय दर्शन, जीवन संघर्ष और संवैधानिक मूल्यों से नई पीढ़ी को अवगत कराना है।
उन्होंने कहा कि जयंती के मुख्य दिवस मंगलवार 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि के साथ प्रभात फेरी और भव्य शोभायात्रा निकाली जाए। राज्य स्तरीय मुख्य समारोह जयपुर में आयोजित होगा। इसमें अजमेर जिले से भी बड़ी संख्या में प्रतिभागी सम्मिलित हो। जिले के विद्यालयों में इस दिन निबंध लेखन, भाषण और पेन्टिंग प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थी अपने विचार व्यक्त करेंगे।
उन्होंने कहा कि आगामी गर्मी के दौरान आमजन को पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता रहनी चाहिए। क्षेत्र के समस्त हैण्डपम्प कार्यशील रहे। इसके लिए आगामी 7 दिवस में कार्य योजना बनाकर कार्य किया जाए। समर कन्टेन्जेन्सी प्लान के स्वीकृत समस्त कार्य 30 अप्रेल तक पूर्ण हो जाने चाहिए। इसकी मॉनिटरिंग जिला प्रशासन द्वारा की जाएगी। उपखण्ड स्तर पर नियमित रूप से विभागीय समन्वय बैठक आयोजित की जाए। सम्पर्क पोर्टल तथा नियंत्रण कक्ष पर पेयजल के सम्बन्ध में प्राप्त होने वाली शिकायतों का तत्काल निस्तारण करें। आवश्यकता होने पर टेंकरों से जलापुर्ति की जाए। टेंकर आपुर्ति की सूचना संबंधित क्षेत्र में पूर्व में देकर रखें। प्रत्येक टेंकर की पूरी गतिविधि का दस्तावेजीकरण होना चाहिए। टेंकर से पेयजल वितरण की जियो टेंगिग फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कराए। अवैध कनेक्शन काटें। आवश्यकता होने पर पुलिस जाप्ता भी उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विकसित ग्राम एवं शहरी वार्ड अभियान के लिए सरकार के निर्देशानुसार कार्य किए जाए। पोर्टल पर अधिकारी की मैंपिंग होते ही बेस लाईन डाटा एवं जियो टेग फोटो अपलोड करें। अपलोड किए गए डाटा सटिक एवं शुद्ध हो। अभियान के सुचारू संचालन के लिए उपखण्ड अधिकारी नियमित मॉनिटिरिंग करेंगे।
उन्होंने कहा कि घरेलु गैस एवं पेट्रोलियम पदार्थों की पर्याप्त उपलब्धता है। क्षेत्र में अवैध गतिविधि पर अंकुश लगाने के लिए लगातार मॉनिटिरिंग की जाए। वर्तमान में घरेलु गैस की सुचारू सप्लाई की जा रही है। व्यावसायिक गैस की भी उपभोक्ताओं को 70 प्रतिशत आपुर्ति हो रही है। विवाह आदि उत्सवों के लिए भी नियमानुसार सिलेण्डर जारी किए जाएंगे। पीएनजी कनेक्शन की गति बढ़ाने के लिए नगरिय निकायों द्वारा तत्काल एनओसी जारी की जाए।
उन्होंने कहा कि सोमवार 13 अप्रैल को आयोजित होने वाले माय भारत बजट क्यूस्ट और राजस्थान युवा संवाद कार्यक्रम के लिए अतिरिक्त जिला कलक्टर वन्दना खोरवाल को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। माय भारत के जिला युवा अधिकारी जयेश मीणा इस कार्यक्रम में सहायक नोडल अधिकारी के रूप में सहयोग करेंगे। इस आयोजन के माध्यम से युवाओं को राज्य के बजटीय प्रावधानों और विकास योजनाओं से अवगत कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आगामी जनगणना के सम्बन्ध में टाईमलाईन के अनुसार कार्य करें। विभिन्न ब्लॉकों का सीमांकन कर पोर्टल पर अपलोड करने की कार्यवाही सोमवार तक हो जानी चाहिए। प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की सूचना भी पोर्टल पर अपडेट करें। कोई क्षेत्र छुटना नहीं चाहिए। पोर्टल पर डाटा पूरी जांच के उपरान्त ही फ्रिज किए जाए।
उन्होंने डीम्ड फोरेस्ट एवं ओरण की सूचना के अन्तर को कम करने के निर्देश दिए। डीम्ड फोरेस्ट का मौका निरीक्षण किया जाना चाहिए। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की प्रस्तावित पचपदरा यात्रा के संबंध में भी निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राम प्रकाश, अजमेर विकास प्राधिकरण एवं नगर निगम की आयुक्त नित्या के., अतिरिक्त जिला कलक्टर ज्योति ककवानी, जिला रसद अधिकारी मोनिका जाखड़ सहित अधिकारी उपस्थित रहे। उपखण्ड स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े।

0 टिप्पणियाँ